Sunday, June 22, 2025

असम राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कणाद पुरकायस्थ को अपना उम्मीदवार बनाया

  • पार्टी ने दी शुभकामनाएं

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को घोषणा की कि पार्टी की असम इकाई के राज्य सचिव कणाद पुरकायस्थ राज्य से राज्यसभा चुनाव के लिए उसके उम्मीदवार होंगे। एक विज्ञप्ति में बताया गया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने पुरकायस्थ की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी। बराक घाटी से पार्टी के नेता पुरकायस्थ वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कबीर पुरकायस्थ के पुत्र हैं।

असम से दो राज्यसभा सीट के लिए चुनाव 19 जून को होने हैं और उसी दिन मतगणना होगी। भाजपा ने पहले घोषणा की थी कि वह एक सीट के लिए उम्मीदवार उतारेगी और दूसरी सीट अपने सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) के लिए छोड़ेगी। खाली हो रही दो सीट भाजपा और एजीपी के पास थीं। कणाद पुरकायस्थ एक अनुभवी पार्टी कार्यकर्ता हैं जो अपनी निष्ठा के लिए जाने जाते हैं।

उन्होंने अपने आभार व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर कहा, यह कदम न केवल मेरी पार्टी के प्रति निष्ठा और सेवा की स्वीकृति है, बल्कि हमारे द्वारा बनाए गए मूल्यों—प्रतिबद्धता, ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा की पुष्टि भी है। उन्होंने आगे कहा, असम केवल मेरा घर नहीं है; यह मेरी प्रेरणा और ताकत है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए उन्हें चुने जाना उनके लिए एक बड़ा सम्मान। उनके सफर का एक विनम्र क्षण है। वह अपनी पार्टी के आदर्शों और उनके प्रिय राज्य और देश की प्रगति और एकता के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे।

पुरकायस्थ ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा, असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने नामांकन का स्वागत करते हुए केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “श्री @kanadpurkaystha को असम से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में नामित होने पर बधाई। उनकी यात्रा प्रभावशाली सेवा और लोगों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता से भरी हो। इससे पहले, असम भाजपा ने राज्यसभा सीट के लिए 13 वरिष्ठ नेताओं की सूची बनाई थी।

असम की दो राज्यसभा सीटों में से एक पर भाजपा चुनाव लड़ेगी जबकि उसकी सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) दूसरी सीट पर चुनाव लड़ेगी। पुरकायस्थ का नाम भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा स्वीकृत किया गया था। भारत के चुनाव आयोग ने उन दो सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव की अनुसूची की घोषणा की है जो मिशन रंजन दास और बिरेंद्र प्रसाद वैश्य की 14 जून को सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त होंगी। डॉ. हिमंत विश्व शर्मा, मंत्री कौशिक राय समेत अन्य मंत्रियों, विधायकों और पार्टी नेताओं ने पुरकायस्थ को शुभकामनाएं दी।

Popular Articles