Saturday, April 12, 2025

महान स्वतंत्रता सेनानी बीर टिकेंद्रजीत सिंह के प्रतिमा का 13 अगस्त को होगा अनावरण

 

सिलचर। असम विश्वविद्यालय, सिलचर परिसर में पूर्वोत्तर के महान स्वतंत्रता सेनानी बीर टिकेंद्रजीत सिंह की प्रतिमा स्थापित किया है, जिसका अनावरण 13 अगस्त को होगा। 13 अगस्त को उनकी पुण्यतिथि भी है। बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित असम विवि के कुलपति प्रो. राजीव मोहन पंत और असम साहित्य सभा के अध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत हजारिका के हाथो प्रतिमा का अनावरण होगा। असम विवि मणिपुरी स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष ख. कृष्णा मोहन सिंह ने बताया कि 26 वर्ष से लंबित इस सपने को मूर्त रूप दे पा रहे हैं। असम विवि के मणिपुरी विभाग के सामने इस प्रतिमा को स्थापित किया गया है। समाज के सहयोग से वे प्रतिमा स्थापित कर रहे पा रहे हैं।

मालूम हो कि बीर टिकेंद्रजीत सिंह (29 दिसम्बर, 1856 – 13 अगस्त, 1891) स्वतन्त्र मणिपुर रियासत के राजकुमार थे। उन्हें बीर टिकेंद्रजीत सिंह और कोइरेंग भी कहते हैं। वे मणिपुरी सेना के कमाण्डर थे। वे महान देशभक्त और ब्रिटिश साम्राज्यवादी योजना के घोर विरोधी तथा देश की एकता-अखंडता के कट्टर समर्थक थे। उन्होंने साहसपूर्वक ब्रिटिश साम्राज्यवादी शक्ति के कूटनीतिक और विस्तारवादी कृत्यों से जनमानस को अवगत कराया तथा अदम्य साहस और निर्भीकता के साथ अंग्रेजी साम्राज्यवाद और उपनिवेशवाद के विरुद्ध युद्ध किया। इसी कारण उन्हें ‘मणिपुर का शेर’ कहा जाता है। यहाँ तक कि ब्रिटिश भारत की तत्कालीन सरकार ने उनकी वीरता, निडरता तथा पराक्रम की तुलना एक ‘खतरनाक बाघ’ से की थी।

भारत के स्वतंत्रता-संग्राम में उनका अद्वितीय स्थान है। उन्होने ‘महल-क्रान्ति’ की जो मणिपुर रियासत के शासन में अंग्रेजों के परोक्ष हस्तक्षेप के विरुद्ध एक खुला विद्रोह ही था। इसके फलस्वरूप 1891 में आंग्ल-मणिपुर युद्ध शुरू हुआ। बड़े संघर्ष के बाद अंग्रेज विजयी हुए। इस युद्ध में शहीद होने वाले राज्य के वीर नायकों को श्रद्धांजलि देने के लिए मणिपुर राज्य प्रत्येक वर्ष 13 अगस्त के दिन “देशभक्त दिवस” मनाता है।

Popular Articles