- बराक घाटी की तीन जिलों में संतुलित विकास पर जोर
- दिल्ली और कोलकाता में बराक भवन निर्माण का प्रस्ताव
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आज लोक सेवा भवन में बराक घाटी के मंत्रियों, विधायकों और बराक घाटी विकास विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की।
बराक घाटी विकास विभाग के मंत्री कौशिक राय की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने सभी 3 जिलों में संतुलित विकास के लिए एक साझा विकास लक्ष्य पर जोर दिया, सिविल अस्पतालों में एमआरआई सुविधाओं में तेजी लाने के लिए समन्वय का आह्वान किया और दिल्ली और कोलकाता में बराक भवन का प्रस्ताव रखा। बराक सांस्कृतिक और खेल महोत्सवों की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। बताते चले कि मुख्यमंत्री डॉ शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को दिसपुर स्थित लोक सेवा भवन में बराक घाटी विकास विभाग की समीक्षा बैठक हुई।
संबंधित विभाग के मंत्री कौशिक राय अपने सोशल मीडिया पर इस बैठक के बारे जानकारी साझा करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ शर्मा ने बराक घाटी के लोगों को इलाज व अन्य सुविधाओं के लिए बराक घाटी विकास विभाग के माध्यम से नई दिल्ली व कोलकाता में बराक भवन निर्माण की सलाह दी।
सिलचर, श्रीभूमि और हैलाकांदी जिलों में सिविल अस्पतालों के बेहतर गुणवत्ता के उपचार के लिए अस्पतालों के विकास के बारे में भी चर्चा की। बराक घाटी के 3 जिलों में केंद्र सरकार व राज्य सरकार की प्रगति, कार्यान्वयन व भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा के साथ-साथ बराक घाटी के लोगों के विकास के उद्देश्य से विभिन्न लोक कल्याणकारी कार्यों को त्वरित रूप से पूरा करने पर विशेष महत्व रखा गया।
मंत्री राय ने बराक घाटी के विकास के लिए अपने कार्य जारी रखने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा सर का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार भी व्यक्त किया। मंत्री जयंत मल्ल बरुआ, मंत्री कृष्णाेंदु पाल, साथ में बराक घाटी के सम्मानित विधायकों सहित कणाद पुरकायस्थ एवं बराक घाटी विकास सचिव आदिल खान की उपस्थिति रही।
योगेश दुबे