सैकिया ने कहा, पंचायत चुनाव में भाजपा की होगी ऐतिहासिक जीत, कांग्रेस शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार युग को कोई भुला नहीं है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि उनकी पार्टी के लिए सभी चुनाव फ़ाइनल है। सिलचर में पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मीडिया द्वारा जब उनसे यह पूछा गया, पंचायत चुनाव क्या 2026 विधानसभा चुनाव का का सेमीफाइनल है? तो उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सभी चुनाव फाइनल हैं। इसमें कोई क्वार्टर फाइनल या सेमीफाइनल नहीं है।
पंचायत से लेकर लोकसभा तक, भाजपा सभी चुनावों को समान ताकत और समान महत्व के साथ खेलती है। इस बार भी कोई अपवाद नहीं होगा। पार्टी नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं। वह अपना चुनावी कार्य जारी रखे हुए हैं। पंचायत चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत हासिल होगी।
इसके तर्क भी दिए। उन्होंने बराक घाटी के दौरे के दौरान कछार के धोलाई, श्रीभूमि और हैलाकांदी में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। सैकिया बोले, जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ी। आम लोगों के उत्साह को देखते हुए यह स्पष्ट था कि इस बार भाजपा पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए अभूतपूर्व परिणाम हासिल कर रही है। संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष सैकिया ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हिमंत के कार्यकाल में राज्य में विकास की गति और तेज हुई है। राज्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। बराक और ब्रह्मपुत्र घाटी में विकास समान गति से हो रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के दौर को भी याद दिला दिया। उन्होंने कहा कि राज्य का विकास सर्बानंद सोनोवाल के काल में भी हुआ। हालांकि, यह ध्यान में रखना होगा कि उस समय स्थिति बहुत कठिन थी। क्योंकि सर्बानंद को कांग्रेस के लंबे समय से चले आ रहे पापों का बोझ उठाना पड़ा। इसके अलावा, कोरोना वायरस महामारी भी मंडरा रही थी। फिर भी, उस समय में काफी प्रगति हुई है। इसी के आधार पर, डॉ हिमंत विश्व शर्मा युग में विकास की गति तेज हो गई है।
संवाददाता सम्मेलन में राज्य के मंत्री कौशिक राय, भाजपा जिला अध्यक्ष रूपम साहा, पूर्व सांसद डॉ. राजदीप ग्वाला और पार्टी प्रदेश सचिव कणाद पुरकायस्था मौजूद रहे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर थी। पंचायती राज व्यवस्था के नाम पर लूट थी। आम जनता का कांग्रेस से भरोसा टूट गया था। वर्ष 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी और वर्ष 2016 में असम में सर्बानंद सोनोवाल तथा उसके बाद डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार में पंचायती राज व्यवस्था सटीक रूप से लागू हुआ।
भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त असम देने का काम किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सैकिया ने कहा कि कांग्रेस ने पंचायत राज के नाम पर सत्ता का विकेंद्रीकरण करने के बजाय और अधिक भ्रष्ट विकेंद्रीकरण किया। इन अतीत और वर्तमान की घटनाओं के कारण इस पार्टी की दशा ख़राब हुई। पंचायत चुनाव में भाजपा के नतीजे ऐतिहासिक होंगे। पंचायत चुनाव के परिणाम पुनः एनडीए के पक्ष में होगा।
मालूम हो कि दिलीप सैकिया रविवार को पंचायत चुनाव के लिए प्रचार करने हेतु दो दिवसीय बराक घाटी पहुंचे हुए थे। सोमवार को लौटने से पहले मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने जोर देकर कहा कि बराक घाटी के तीन जिलों, कछार, श्रीभूमि और हैलाकांदी में जिला परिषदों पर भाजपा कब्जा करेगी और पार्टी आंचलिक पंचायत स्तर पर भी बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी।
सैकिया ने कहा कि गांव के लोगों को अधिकार देने के लिए पंचायत राज व्यवस्था शुरू की गई थी। लेकिन दुर्भाग्यवश कांग्रेस शासनकाल में इसके विपरीत हुआ। सत्ता का विकेंद्रीकरण करने के बजाय, विभिन्न ग्रामीण विकास परियोजनाओं में भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस ने तत्कालीन इंदिरा आवास से लेकर विभिन्न परियोजनाओं के नाम पर लाभार्थियों से हजारों रुपये एकत्र किए।
वर्तमान में भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 20 लाख मकान उपलब्ध कराए गए हैं। कोई भी यह नहीं कह सकता कि इन मकानों के लिए उसे एक भी रुपया चुकाना पड़ा। गांव के लोग इस अंतर को अच्छी तरह समझते हैं। सैकिया ने आगे कांग्रेस और भाजपा के शासनकाल में बराक घाटी के लिए किए गए कार्यों की तुलना की और कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बराक की उपलब्धियां लगभग शून्य थीं।
जबकि आज बराक घाटी में चहुंओर विकास और भ्रष्टाचार मुक्त माहौल की गूंज है। भाजपा कछार जिला इकाई अध्यक्ष रूपम साहा ने कहा कि टिकट के नाम पर भ्रष्टाचार के कारण इस बार पंचायत चुनाव में कांग्रेस बुरी तरह से प्रभावित हुई है। इसके विपरीत भाजपा ने पिछली पंचायत में जिले की जनता को पारदर्शी शासन का उदाहरण दिखाया। इसलिए इस बार कांग्रेस के पास कोई मौका नहीं है। भाजपा की जीत ऐतिहासिक होगी।
योगेश दुबे