Saturday, June 21, 2025

वुमेन्स कॉलेज सिलचर में मनाया गया 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

  • योग न केवल एक शारीरिक अभ्यास है, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है : डॉ. सुजीत तिवारी

वुमेन्स कॉलेज सिलचर में निर्मया योग शिक्षण प्रतिष्ठान के सहयोग से 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। दिन की शुरुआत योगसंगम नामक कार्यक्रम से हुई, जिसमें छात्राओं ने योगासन और व्यायाम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

प्रातः 11 बजे कॉलेज सभागार में विशेष योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें 200 से अधिक छात्राएं और शिक्षक सम्मिलित हुए। यह सत्र निरामया संस्थान की प्रशिक्षित टीम द्वारा संचालित किया गया। सत्र का संचालन निर्मया की निदेशक श्रीमती साताक्षी भट्टाचार्य ने किया, जिन्होंने छात्राओं से योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुजीत तिवारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि योग न केवल एक शारीरिक अभ्यास है, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। उन्होंने इसे भारत की प्राचीन वैज्ञानिक परंपरा की गौरवपूर्ण देन बताया और कहा, “योग आत्मा की आंतरिक यात्रा है, जो हमें शांति, अनुशासन और संतुलन की ओर ले जाती है।”

ज्ञात हो कि वुमेन्स कॉलेज, सिलचर और निर्मया के बीच पूर्व में सहयोगात्मक एमओयू पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। दोनों संस्थाएं मिलकर स्वास्थ्य एवं आरोग्य पर एक प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम संचालित कर रही हैं, जो केवल छात्राओं ही नहीं, बल्कि किसी भी महिला के लिए खुला है।

भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. संघमित्रा देबनाथ ने अपने वक्तव्य में छात्राओं के स्वास्थ्य और उनके समग्र भविष्य के बीच गहरे संबंध को रेखांकित किया। कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों की बड़ी भागीदारी रही और यह कार्यक्रम शांति मंत्र के साथ संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles