Tuesday, February 25, 2025

असम : नगांव के रूपहीहाट में कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन पर हमला, अज्ञात लोगों ने बल्लों से किया वार, पार्टी की सभा में हिस्सा लेने जा रहे जा रहे थे, पुलिस ने घटना की जांच शुरू की 

File Photo 

असम के नगांव जिले के रूपहीहाट, नतुन बाजार में बृहस्पतिवार को धुबड़ी से कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन और उनके निजी सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) पर अज्ञात लोगों ने हमला किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने गए हुसैन पर लोगों के एक समूह ने क्रिकेट बल्लों से हमला किया, जिनके चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे।

पीएसओ ने सांसद को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन पर भी हमला किया गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई और हुसैन को अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि हमलावर मौके से फरार हो गए। रकीबुल हुसैन अपनी स्कूटी से पार्टी की सभा में जा रहे थे, उसी दौरान उन पर हमलावर ने अटैक कर दिया। जिस स्कूटी में रकिबुल थे, उसे पूरी तरह से तोड़ दिया गया है। सांसद की सुरक्षा के लिए उनके सुरक्षाकर्मी ने हवा में फायरिंग भी की।

यह लोग कौन थे, और किस वजह से सांसद को रोका जा रहा था। यह अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। उनके साथ इस दौरान उनके बेटे तांजिल हुसैन और विधायक नुरूल हूदा भी थे। क्रिकेट बैट से रकिबुल को मारा गया, जिसके चलते रकिबुल स्कूटी से नीचे गिर गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत जानकारी का इंतजार है। हुसैन ने पिछले साल धुबड़ी लोकसभा सीट से रिकॉर्ड 10 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। उनके बेटे ने समागुरी विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव लड़ा था, जिसका प्रतिनिधित्व हुसैन ने पांच बार किया था। वह भाजपा उम्मीदवार दीपू रंजन शर्मा से हार गए थे। पिछले वर्ष नवंबर में उपचुनाव के दौरान इस निर्वाचन क्षेत्र तथा आस-पास के क्षेत्रों में हिंसा की कई घटनाएं देखी गयी थीं। बता दें कि असम में पहली बार विधानसभा का सत्र गुवाहाटी के बाहर आयोजित किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles