File Photo
राष्ट्र विरोधी और पाकिस्तान के पक्ष में विचारधारा रखने वालों के खिलाफ असम में कार्रवाई तेज है। इस क्रम में तीन और लोगों को कथित तौर पर राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बारपेटा से अजीजुर्रहमान, होजाई से जोयनलुद्दीन और चिरांग से अशरफुल इस्लाम को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये देश विरोधी टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
गत 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश विरोधी टिप्पणी करने के आरोप में असम में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 42 हो गई है। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में गिरफ्तारी की पुष्टि की। गिरफ्तार लोगों को देशद्रोही करार देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा, “हमारी असम पुलिस लगातार ऐसे गद्दारों की पहचान करने और उन्हें हिरासत में लेने का अभियान चला रही है, जिन्होंने भारत में रहते हुए भी देश के खिलाफ बयानबाजी की है।
रविवार को भी बारपेटा पुलिस ने अजीजुर्रहमान, होजाई पुलिस ने जोयनलुद्दीन और चिरांग पुलिस ने अशरफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस अभियान में गिरफ्तार लोगों की संख्या 42 हो गई है। अगर आपको कोई भी व्यक्ति इस तरह की देश विरोधी टिप्पणी करता दिखे तो प्रशासन को सूचित करें। असम में पंचायत चुनाव का मौसम है। 2 मई को राज्य के 14 जिलों में पहले चरण का मतदान होने के बाद दूसरे चरण का मतदान 7 मई को होगा। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा हेलीकॉप्टर से प्रचार में व्यस्त हैं।
इस बीच, ग्वालपाड़ा जिले में चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने हाल ही में कहा था, “मैं उन लोगों की कानूनी तौर पर टांगें तोड़ दूंगा जो पाकिस्तान की तारीफ कर रहे हैं, जबकि यह भारत ही है जिसने उन्हें सब कुछ दिया है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। हम उन्हें बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमें जो भी करना होगा, हम कानून के दायरे में करेंगे। ताकि भविष्य में किसी को असम में रहकर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ कहने से पहले सौ बार सोचना पड़े।
गौरतलब है कि असम में देश विरोधी टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए 42 लोगों में एक विधायक भी शामिल है। विपक्षी दल एआईयूडीएफ के ढिंग विधानसभा क्षेत्र से विधायक अमीनुल इस्लाम को 24 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। विधायक अमीनुल अब नगांव जिला जेल में बंद हैं। राज्य विभिन्न जिलों में गिरफ़्तारी हो चुकी है। साभार – ईटीवी भारत