Monday, March 3, 2025

27 साल बाद दिल्ली पर भगवा परचम, मिल्कीपुर में भी योगी बम-बम, असम समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में मना जश्न, मोदी ने कहा कि विकास और सुशासन की जीत

सिलचर में भी जश्न

दिल्ली में भाजपा की दमदार एंट्री हो चुकी है। 27 साल का वनवास समाप्त करते हुए भाजपा ने दिल्ली में भगवा लहरा दिया है। दिल्ली वालों ने आम आदमी पार्टी (आप) को ऐसे नकारा कि पार्टी के नंबर-1 नेता अरविंद केजरीवाल, नंबर-2 नेता मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज तक चुनाव हार गए। दिल्ली में भाजपा को मिली प्रचंड जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकास और सुशासन की जीत हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि हम दिल्ली के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। यह गारंटी है। दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल ने हार स्वीकार कर ली है। केजरीवाल ने कहा हम हार स्वीकार करते हैं। दिल्ली में भाजपा ने आप के कई महारथियों धूल चटा दी है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, अवध ओझा सहित कद्दावर नेता हार गए। हालांकि कालकाजी सीट पर लगातार पिछड़ने के बाद भी आतिशी चुनाव जीत गई। मालूम हो कि दिल्ली का पहला रुझान भाजपा के पक्ष में गया था। जिसके बाद भाजपा ने लगातार अपनी बढ़त बनाई रखी।

समाचार लिखे जाने तक रुझान की बात करें तो भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही है। इसमें कई सीटों पर भाजपा चुनाव जीत चुकी है। वहीं आप 22 सीटों पर आगे चल रही है या चुनाव जीत चुकी है। दिल्ली के रुझानों पर भाजपा खेमे में खुशी की लहर है। शाम को प्रधानमंत्री मोदी भाजपा मुख्यालय में पहुंचे और पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। आप और कांग्रेस पर जमकर बरसे। प्रधानमंत्री मोदी ने यह वादा किया, भाजपा सरकार जनता के प्रति समर्पित होगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “दिल्ली के इस विजय उत्सव के साथ-साथ आज अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भारी संख्या में भाजपा के लिए मतदान किया है और अभूतपूर्व विजय दी है। आज देश तुष्टिकरण नहीं बल्कि भाजपा की संतुष्टिकरण की पॉलिसी को चुन रहा। दिल्ली में बीजेपी की शानदार जीत के बाद मोदी ने भाजपा के दिल्ली मुख्यालय में बैठक की।

इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। मोदी ने कहा, ‘दिल्ली जीत के नतीजों का एक और पक्ष भी है। हमारा दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, ये दिल्ली मिनी हिंदुस्तान है, ये लघु भारत है। दिल्ली एक भारत-श्रेष्ठ भारत के विचार को जीती है। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया।

अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है। तीन-तीन बार लोकसभा में शत-प्रतिशत विजय दिलाने के बाद भी देश भर के और दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में एक टीस थी। ये टीस दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की थी। आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया।

दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। धानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है।

सिलचर में भाजपा ने जश्न जश्न मनाया। पार्टी के विधायक दीपायन चक्रवर्ती , कछार भाजपा के अध्यक्ष रूपम साहा सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को लड्डू खिलाया। मोदी – साह और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाए। दिल्ली की जीत पर पार्टी नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और जमकर पटाखे फोड़े। उनका उत्साह देखने योग्य था। विधायक चक्रवर्ती और जिला भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की सराहना की।

Popular Articles