Monday, September 7, 2026

वक्फ संशोधन कानून पर ममता बनर्जी मुसलमानों को गुमराह कर रही हैं: मिथुन चक्रवर्ती 

Photo

सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती ने आरोप लगाया है कि बंगाल की मुख्यमंत्री वक्फ संशोधन कानून की स्थिति को लेकर मुसलमानों को गुमराह कर रही हैं। बॉलीवुड के सुपरस्टार अभिनेता, दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता और राजनेता मिथुन चक्रवर्ती ने शुक्रवार को सिलचर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए एक ओर जहां असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की जमकर तारीफ की, तो दूसरी तरफ पश्चिम बंग की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फटकार लगाई।

उनका आरोप था कि ममता बनर्जी वक्फ अधिनियम की स्थिति को लेकर मुसलमानों को गुमराह कर रही हैं। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा एक मजबूत राजनीतिक नेता हैं। डॉ. शर्मा की रीढ़ बहुत मजबूत है।  लोगों को उन पर बहुत भरोसा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर लोगों के विश्वास की भी सराहना की। गौरतलब है कि सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती सिलचर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बराक सांस्कृतिक महोत्सव में भाग लेने के लिए आए हैं।

मीडिया के सवालों के उत्तर में उन्होंने कहा कि टीएमसी में उनका जाना भूल था। जब वह टीएमसी में गए थे तब वह ममता बनर्जी से काफी प्रभावित थे। मां माटी मानुष के मुद्दे को आगे कर उक्त पार्टी धरातल पर सक्रिय थी। गरीबों मजदूरों के हक़ की बात करती थी, लेकिन अब बिलकुल विपरीत है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कला संस्कृति लोगों को जोड़ने का काम करती है।

असम की संस्कृति से काफी प्रेरित है। वह एबीवीपी के बराक सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्य अतिथि थे। असम प्रांत के राष्ट्रीय कला मंच द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह सांस्कृतिक महोत्सव तीन स्तरों पर आयोजित किया गया। शाखा, जिला और बराक। कुल 8 विषयों पर प्रतियोगिता 30 मार्च को शुरू हुई। प्रतियोगिता में रवींद्र संगीत, नजरुल गीत, लोकगीत, रवींद्र नृत्य, झुमुर नृत्य, रास और धमाइल नृत्य के साथ-साथ अन्य प्रतियोगिताएं भी शामिल थीं। आज उन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये गये।

Popular Articles