- स्थानीय समुदायों के लिए नए आर्थिक अवसर उत्पन्न होंगे
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे पर भैरवी-साईरंग नई रेल लाइन परियोजना के पूरा होने के साथ मिजोरम की राजधानी आइजोल, पहली बार भारतीय रेल नेटवर्क से जुड़ने के लिए तैयार है। राजधानी संयोग परियोजनाओं के तहत किया गया यह महत्वपूर्ण अवसंरचना मिज़ोरम में यात्रा और आर्थिक अवसरों को काफी बढ़ाएगा। संचालन शुरू होने के बाद, रेल सेवाएँ साईरंग तक पहुंचेगी, जो आइज़ोल से थोड़ी ही दूरी पर है, जिससे इस पूर्वोत्तर के पहाड़ी राज्य की पहुँच में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इस परिवर्तनकारी विकास की आशा करते हुए, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने राज्य में आवक और जावक पर्यटन दोनों को बढ़ावा देने के लिए अगस्त 2025 में मिजोरम सरकार के साथ दो साल के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत, आईआरसीटीसी एक अग्रणी विपणन एजेंसी के रूप में कार्य करेगी, जबकि मिजोरम पर्यटन, पर्यटक आवासों सहित पर्यटन अवसंरचना तक पहुँच प्रदान करेगा और आईआरसीटीसी के साथ मिलकर क्यूरेटेड यात्रा पैकेज तैयार करेगा।
यह साझेदारी स्थानीय डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कंपनियों और सेवा प्रदाताओं को विकसित करने का भी लक्ष्य रखती है, जो परिवहन, आवास, दर्शनीय स्थलों की यात्रा और मिजोरम की जीवंत संस्कृति की विशेष झलक के साथ पर्यटन की व्यवस्था करेंगे। इसमें उन रंग-बिरंगे उत्सवों की बुनावट शामिल है, जहाँ समुदाय भोज, बाँस नृत्य, पारंपरिक लोक संगीत और अर्थपूर्ण धार्मिक अनुष्ठानों के साथ एकत्र होते हैं। सांस्कृतिक उत्सवों के अलावा, मिज़ोरम पन्ना-सी हरी घाटियों, हरी-भरी पहाड़ियों, निर्मल जलप्रपातों और विरासत स्थलों से युक्त एक समृद्ध पर्यटन परिदृश्य भी प्रस्तुत करता है।
राज्य ने रोमांचक पर्यटन में लगातार लोकप्रियता हासिल की है और अपनी गर्मजोशी भरी मेहमाननवाज़ी और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। ये सभी तत्व मिलकर मिजोरम की अपार संभावनाओं को उजागर करते हैं, एक ऐसे गंतव्य के रूप में जो सांस्कृतिक विरासत और सतत, अनुभवात्मक पर्यटन – दोनों का उत्सव मनाता है। यह समझौता आईआरसीटीसी की “डिस्कवर एनई बियॉन्ड गुवाहाटी” कार्यक्रम के तहत एक विशेष पर्यटक ट्रेन शुरू करने की योजना के अनुरूप भी है, जिसमें आइज़ोल को एक प्रमुख गंतव्य के रूप में शामिल किया गया है।
यह सेवा, ट्रेनों के संचालन शुरू होने के बाद शीघ्र ही शुरू होने की उम्मीद है, जो किफायती पर्यटन और सतत यात्रा अनुभवों पर केंद्रित होगी। बेहतर रेल संपर्क और संयुक्त पर्यटन प्रचार पहल मिलकर मिजोरम को व्यापक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजारों के लिए खोलने जा रही हैं, जिससे स्थानीय समुदायों के लिए नए आर्थिक अवसर उत्पन्न होंगे, और इस प्रक्रिया में पूसी. रेलवे एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूसी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने इसकी जानकारी दी।


