छात्रों के लिए सख्त सुरक्षा उपायों की मांग
असम के दीमा हसाओ जिले में शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में तृतीय कक्षा की एक छात्रा की मौत हो गई और कई अन्य छात्र घायल हो गए। यह दुर्घटना उमरंगसो थाना क्षेत्र में हुई। चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ( डीडीएमए) के फील्ड ऑफिसर देबोजीत बोरा ने बताया कि इस हादसे में छात्रा दलमीर रोंगपी की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में करीब 16 छात्रों को मामूली चोटें आईं, जबकि कई छात्रों को गंभीर चोटें लगीं।
गंभीर रूप से घायल छात्रों को तुरंत होजाई के हम अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। घायल छात्रों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल ले जाया गया। जिला प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। देबोजीत बोरा ने अपने बयान में कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जांच के बाद दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा। साथ ही, ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है, वहीं, इस हादसे ने स्कूल बसों की सुरक्षा मानकों और चालकों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए स्कूल प्रशासन से वाहनों की नियमित जांच और चालकों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की मांग की है। जिला प्रशासन ने इस मामले में सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। विस्तृत जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह 25 स्कूली बच्चों को ले जा रही थी। पुलिस ने बताया कि घायल छात्रों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।तीन स्कूलों- सेक्रेड हार्ट स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर और गरमपानी हाई स्कूल के छात्रों को ले जा रही बस सुबह-सुबह दीमा हसाओ के उमरंगसो इलाके में एक सीमेंट फैक्ट्री के पास एक खतरनाक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी और खेत में गिर गई।
दीमा हसाओ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मयंक कुमार झा ने कहा, उमरंगसो के 19-किलो इलाके में एक मोड़ पर बस ने नियंत्रण खो दिया। सभी छात्र स्कूल जा रहे थे और स्थानीय लोगों ने छात्रों को बचाने में पुलिस की मदद की। झा ने कहा, डॉक्टरों ने 9 वर्षीय एक लड़की को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर है। बाकी को मामूली चोटें आईं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मृतक दलमीर रोंगपी सेक्रेड हार्ट स्कूल में कक्षा 3 की छात्रा थी।
पुलिस ने बताया कि उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और गंभीर रूप से घायल दो छात्रों को होजाई के हाजी अब्दुल मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा वह दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। इस बीच, घायल छात्रों के परिवार के सदस्य शनिवार सुबह अस्पताल में एकत्र हुए और जांच और छात्रों के लिए सख्त सुरक्षा उपायों की मांग की। स्कूल अधिकारियों से टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं किया जा सका। एजेंसी


