Saturday, April 18, 2026

कछार जिले में दो अलग अलग अभियान में तीस करोड़ से अधिक मूल्य के प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त, चार गिरफ्तार

 याबा टैबलेट, हेरोइन और गांजा जब्त 

प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के परिवहन खिलाफ कछार पुलिस का अभियान जारी है। इस क्रम पुलिस ने दो अलग अलग अभियान चलाया। कछार जिले के पुलिस अधीक्षक नुमाल महत्ता ने मीडिया को बताया कि एक विशेष इनपुट पर जिले के लखीपुर थाना अंतर्गत चंद्रपुर द्वितीय खंड, काकमारा में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ छेड़े गए अभियान के दौरान अब्दुल रजाक (44 ) को गिरफ्तार किया गया ।

उसके आवास पर जमीन के नीचे छुपाए गए 98000( अट्ठानबे हजार) संदिग्ध याबा टैबलेट और दस साबुन की डिब्बियों में 115 ग्राम संदिग्ध हेरोइन जब्त किया। अवैध परिवहन में शामिल व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी औपचारिकताओं के बाद स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में संदिग्ध मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है। ब्लैक मार्केट में मादक पदार्थ की कीमत लगभग 30(तीस) करोड़ रुपये है। साथ ही पुलिस टीम ने उसके कब्जे से 3.5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए।

जब्त मादक पदार्थ का ड्रग डिटेक्शन किट द्वारा परीक्षण किया गया है, जिसके परिणाम सकारात्मक आए हैं। अवैध मादक पदार्थ को मणिपुर के इंफाल से लाया गया है। आगे की कानूनी कारवाई की जा रही है। वहीं सिलचर थाना अंतर्गत पुलिस ने कृष्णपुर द्वितीय खंड में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान एक वाहन की तलाशी के दौरान 36 पैकेट में 38 किलो संदिग्ध गांजा जब्त किया।

इस सिलसिले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई। गिरफ्तार लोगों की पहचान जमरूल हक लस्कर (29), नजरूल इस्लाम लस्कर( 23 ) औ अमजद हुसैन लस्कर (23 ) के रूप में हुई । तीनों जिले के सोनाई विधानसभा क्षेत्र के निवासी है। जब्त अवैध पदार्थ की कीमत ब्लैक मार्केट में लगभग 30 (तीस) लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि मादक पदार्थ कोलाशिब, मिजोरम से लाया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Popular Articles