- लगभग 15-16 वर्षों से “बॉबी हेल्थकेयर” नाम से एक फार्मेसी चला रहा था
- सर्जरी भी करता था, कछार पुलिस ने उसके पास से कई अवैध दस्तावेज भी किए जब्त
- VIDEO
जिस तरीके से कछार में एक के बाद कई फर्जी डॉक्टर पकड़े जा चुके है, प्रतीत होता है जिले के हर इलाके में फेक डॉक्टर है। आमजन के स्वास्थ्य के साथ बड़ा खिलवाड़ हो रहा है। कछार पुलिस ने ऐसे फर्जी डॉक्टरों की धर पकड़ के लिए अपने अभियान को जारी रखा है।
इस सिलसिले में कछार जिले में फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ चल रहे अभियान में कछार पुलिस को गत कल एक बार फिर बड़ी सफलता मिली। सोमवार की शाम को कछार पुलिस ने जिले के सोनाई थाना क्षेत्र के नागदिरग्राम चतुर्थ खंड निवासी राजुल हक लस्कर को गिरफ्तार किया। कछार पुलिस ने उसके पास से कई अवैध दस्तावेज भी जब्त किए। सूत्रों ने बताया कि राजुल हक लगभग 15-16 वर्षों से “बॉबी हेल्थकेयर” नाम से एक फार्मेसी चला रहा था और ग्रामीण इलाकों में चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा था।
आरोप है कि वह बिना किसी वैध मेडिकल सर्टिफिकेट के मरीजों का इलाज करता था और छोटी-मोटी सर्जरी भी करता था। वहीं कछार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुब्रत सेन ने मीडिया को बताया कि सोमवार शाम को कछार पुलिस की एक विशेष जांच टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया और राजुल को फर्जी चिकित्सा सेवाएं प्रदान करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
कछार पुलिस ने अब तक फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ अभियान में कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
न्यूज रिपोर्ट – योगेश दुबे


