Thursday, October 22, 2026

बकरीद पर दी मवेशियों की अवैध कुर्बानी, इस राज्य ने लिया बड़ा एक्शन, 16 लोग गिरफ्तार

File Photo

  • असम के मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राज्य के बराक घाटी के दो जिलों- कछार में गुमरा, सिलचर, लखीपुर और श्रीभूमि में बदरपुर और भांगा में पांच अवैध कुर्बानी स्थल पाए गए। 

असम में ईद-उल-अजहा या बकरीद के दौरान मवेशियों के अवैध वध करने के आरोप में असम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार (8 जून, 2025) को कहा कि राज्य में एक दिन पहले ईद-उल-अजहा या बकरीद के दौरान मवेशियों का अवैध रूप से कुर्बानी करने के आरोप में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य के बराक घाटी के दो जिलों- कछार में गुमरा, सिलचर, लखीपुर और श्रीभूमि में बदरपुर और भांगा में पांच अवैध कुर्बानी स्थल पाए गए। मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, “हमारा संविधान धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार की गारंटी देता है, लेकिन यह कानून के शासन और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की बात भी समान रूप से करता है।

इस ईद-उल-अजहा पर असम में कई स्थानों से मवेशियों के अवैध वध और उनके अंगों के मिलने की व्यथित करने वाली घटनाएं सामने आईं.”उन्होंने कहा कि कछार से 9 और श्रीभूमि से 7 लोगों समेत अब तक कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शर्मा ने कहा, पांच जगहों पर मवेशियों के अंग पाए गए। इन स्थानों में कॉटन यूनिवर्सिटी (कामरूप एम), धुबरी, होजाई और श्रीभूमि (बगरगूल) के पास के इलाके शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सांप्रदायिक सद्भाव को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन अराजकता या क्रूरता की कीमत पर किसी भी तरह से नहीं। उन्होंने कहा, ‘सभी उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, फिर चाहे वे किसी भी धर्म या पृष्ठभूमि से संबंधित हों।

Popular Articles