Saturday, April 18, 2026

बाढ़ का हालचाल लेने सिलचर पहुंचे गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर साधा निशाना

  • हिमंत विश्व शर्मा का किया धन्यवाद, कहा, जितना उनके पीछे पड़े रहेंगे उतना ही आगे बढ़ेंगे
  • पाकिस्तान के साथ संबंध वाले आरोप को बताया सी “ग्रेड का फिल्म”

असम प्रदेश कांग्रेस समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आज जो यहां तक पहुंचे उसके पूछे मुख्यमंत्री डॉ शर्मा का बहुत बड़ा योगदान मानते हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री की ओर से पाकिस्तान से गुप्त संबंध के लगाए गए आरोप को ‘सी ग्रेड’ फिल्म बताया। गोगोई ने व्यंग्यात्मक लहजे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया और कहा कि इतना विरोध करने के कारण ही उन्हें आज यह जिम्मेदार पद संभालने का मौका मिला है।

उनका अध्यक्ष बनना मुख्यमंत्री की देन है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद गोगोई बुधवार को कछार में बाढ़ पीड़ितों का हालचाल जानने के लिए दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। दोपहर में जिला मुख्यालय सिलचर पहुंचने के बाद सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन पर पाकिस्तान से गुप्त संबंध होने का आरोप लगाया है और कहा था कि 10 सितंबर को वह सब कुछ बता देंगे। अगर मुख्यमंत्री के पास सबूत हैं, तो वह इतने दिन इंतजार क्यों कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के दौरान जोरहाट में उन्हें हराने के लिए राज्य का लगभग पूरा मंत्रिमंडल उतर आया था। तब ये बातें क्यों नहीं कही गईं? फिलहाल तो ऐसा लग रहा है कि मुख्यमंत्री इस पर फिल्म बना रहे हैं। अगर 10 सितंबर को फिल्म रिलीज हुई तो यह ‘सी ग्रेड’ की फिल्म होगी। इन आरोपों में कोई दम नहीं है। फिल्म सुपर फ्लॉप होगी। इसके बाद उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री के इतने विरोध के कारण ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके लिए वे मुख्यमंत्री का आभार जता रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री उनका इतना विरोध नहीं करते तो पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन्हें इस पद पर नियुक्त नहीं करता।

बाढ़ का जिक्र करते हुए गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर प्रचार करते हैं कि सरकार बाढ़ से निपटने के लिए काफी कुछ कर रही है। लेकिन हकीकत में जो दिख रहा है, कछार में 15 जगहों पर तटबंधों की स्थिति कमजोर है, कई स्लुइस गेटों की हालत भी खराब है। कई इलाकों में बाढ़ पीड़ितों तक राहत नहीं पहुंच रही है। कल बाढ़ पीड़ितों ने राहत नहीं मिलने पर सोनाई में अंचल कार्यालय के सामने धरना दिया। दरअसल सरकार के पास इन बातों पर ध्यान देने का समय ही नहीं है।

राज्य के लोगों की समस्याओं के बारे में सोचने के बजाय सरकारी अधिकारी केवल कांग्रेस के साथ व्यस्त हैं। कुल मिलाकर सरकारी काम ठप हो गया है। इस संदर्भ में उन्होंने भूमिपुत्रों की सुरक्षा के लिए आग्नेयास्त्र लाइसेंस जारी करने के फैसले की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, अगर इस तरह से आग्नेयास्त्र लाइसेंस जारी किए जाते हैं, तो उनका इस्तेमाल व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने के लिए किया जाएगा। उनका इस्तेमाल व्यापारियों के खिलाफ किया जाएगा। यह सब करके मुख्यमंत्री असम को किस दिशा में ले जाना चाह रहे हैं? पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय तरुण गोगोई राज्य में शांति बहाल करने का प्रयास कर रहे थे। वह इस कार्य में काफी सफल रहे। लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री राज्य में पुनः पुराने वाले अशांति वापस लाना चाहते हैं।

Yogesh Dubey

Popular Articles