Monday, September 7, 2026

मंत्री कौशिक राय ने गैमन ब्रिज सहित अनेक निर्माणाधीन परियोजना स्थलों का किया निरीक्षण, की समीक्षा, समय पर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश 

मंत्री ने निम्नलिखित स्थलों का किया निरीक्षण 

  • गैमन ब्रिज
  • निर्माणाधीन बराक घाटी सचिवालय
  • सिलचर मेडिकल कॉलेज के 500 बेड के नवनिर्मित भवन
  • सर्किट हाउस (आरसीसी जी+3)
  • एकीकृत आयुक्त कार्यालय परियोजना
  • शिलकुड़ी कन्वेंशन सेंटर   

बराक घाटी विकास विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री कौशिक राय दिनभर मैराथन करते नज़र आए। गैमन ब्रिज सहित अनेक निर्माणाधीन परियोजना स्थलों का दौरा कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। मंत्री के साथ बराक घाटी विकास विभाग के अतिरिक्त सचिव रंजीत कुमार लस्कर, कछार जिला आयुक्त मृदुल यादव तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों, अभियंताओं की फौज भी थी।

मंत्री कौशिक राय ने बताया वह मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के निर्देश पर निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूर्ण करने के साथ – साथ यातायात व्यवस्था को सहज, सुविधाजनक एवं समस्या मुक्त करने पर फोकस है। अपने दौरे के दौरान जिला आयुक्त मृदुल यादव, बराक घाटी विकास विभाग के अतिरिक्त सचिव रंजीत कुमार लस्कर, एनएचआईडीसीएल के अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बराक घाटी के बदरपुरघाट – काटिगोरा के बीच बराक नदी पर स्थित अत्यंत महत्वपूर्ण गेमन ब्रिज के मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों के साथ विचार-विमर्श किया।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री लगातार ब्रिज के मरम्मत कार्य पर कड़ी नजर रखे हुए हैं ताकि कार्य शीघ्र पूरा हो सके तथा जनता के लिए परिवहन व्यवस्था सामान्य हो सके। मंत्री ने लोगों से मरम्मत कार्य के दौरान सभी से मदद और सहयोग की अपील की। मंत्री राय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इस ब्रिज का कार्य, जिसका वर्तमान में नवीनीकरण किया जा रहा है, तेजी से और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा की प्रत्यक्ष देखरेख में इस परियोजना की प्रगति सरकार की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता है। स्थानीय लोगों के साथ विचार-विमर्श के दौरान मंत्री ने घोषणा की कि 29 मई से जनता के लिए वैकल्पिक परिवहन प्रणाली के रूप में निःशुल्क नौका सेवा शुरू की जाएगी।

उन्होंने सिलचर के श्रीकोना में निर्माणाधीन बराक घाटी सचिवालय का दौरा किया। लोक निर्माण विभाग के साथ बैठक में उन्होंने कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री की सद्भावना से इस परियोजना का नाम बदलकर ‘बराक घाटी सचिवालय’ कर दिया गया है, जो बराक घाटी के लोगों के आत्मसम्मान और सपनों का प्रतीक बनेगा।

मंत्री कौशिक राय सिलचर मेडिकल कॉलेज के नए 500 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन के बुनियादी ढांचे और सेवा लागत की भी समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि बराक घाटी के लोगों के बेहतर उपचार हेतु बुनियादी ढांचे के विकास में अहम भूमिका निभाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ शर्मा का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार। आज सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के 500 बेड के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया और आगामी अक्टूबर तक निर्माण पूर्ण कर मरीजों के बेहतर उपचार हेतु भवन खोलने के निर्देश दिए, जिससे बराक घाटी के लोग उपचार एवं सेवा के नए क्षितिज पर कदम रख सकें। जिला आयुक्त मृदुल यादव, बराक घाटी विकास विभाग सचिव श्री रंजीत कुमार लस्कर, एसएमसीएच प्रिंसिपल डॉ. भास्कर गुप्ता सहित विभाग के अधिकारियों व अन्य की उपस्थिति रही।

वहीं सर्किट हाउस (आरसीसी जी+3) निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। क्षेत्र में सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सभी संबंधितों को समय सीमा का सख्ती से पालन करने और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने एकीकृत उपायुक्त कार्यालय परियोजना की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली तथा जिम्मेदार व्यक्तियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

दिन के दौरे के अंत में उन्होंने शिलकुड़ी कन्वेंशन सेंटर का दौरा किया और भविष्य की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए इसके उपयोग की संभावनाओं के बारे में बात की। मंत्री कौशिक राय के प्रयास ने बराक के लोगों के मन में नई उम्मीद जगाई है। उनके नेतृत्व में, विकास, प्रशासनिक गतिविधियों और सार्वजनिक सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के साथ, बराक घाटी नए क्षितिज की ओर बढ़ रही है।

मंत्री कौशिक राय बुधवार को जिला आयुक्त कार्यालय में बाढ़ प्रबंधन पर समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। इसके पूर्व जिला आयुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में मंत्री कौशिक राय ने बराक घाटी में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा की प्रगति के प्रतीक के रूप में कछार के छोटोमामदा अस्पताल के ऐतिहासिक सी-सेक्शन की सराहना की।

योगेश दुबे

Popular Articles