Monday, September 7, 2026

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, असम में सड़क दुर्घटनाओं में आई कमी 

छवि : डॉ. हिमंत विश्व शर्मा, मुख्यमंत्री, असम

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि साल के अंत और नए साल के मौके पर त्योहारों के दौरान राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में पिछले साल की तुलना में 16.41 प्रतिशत की कमी आई है।

मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 24 दिसंबर 2024 से 15 जनवरी 2025 के बीच, पिछले साल इसी अवधि के दौरान 195 मौतों की तुलना में 163 मौतें हुईं। यह 16.41 प्रतिशत की कमी को दिखाता है। हालांकि यह सुधार हमारे लिए अच्‍छा है, लेकिन 163 लोगों की जान जाना हमारे लिए चिंता का विषय है। हमें हर एक मौत के मामले को रोकने और सुरक्षित सड़क व्यवस्था पर काम करने की जरूरत है।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि सख्त कानूनों के चलते पिछले साल के आखिरी दिन केवल 32 सड़क दुर्घटनाएं हुईं और प्रशासन का लक्ष्य आने वाले दिनों में सड़क दुर्घटना को कम करना है। उन्होंने कहा, सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सख्त कानूनों के चलते असम में 31 दिसंबर को केवल 32 दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें आठ लोगों की मौत हुई। हम आने वाले दिनों में ऐसी दुर्घटनाएं न हों इस पर काम कर रहे हैं। हम लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों का पालन करें।  मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 दिसंबर को सड़क दुर्घटनों में 45 लोग घायल हुए और आठ लोगों की मौत हुई।

डॉ. शर्मा ने हाल ही में जिला आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और परिवहन तथा आबकारी विभागों के अधिकारियों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस की। इस कॉन्फ्रेंस में राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा, सड़क सुरक्षा नियमों को लागू करने और ऐसी घटनाओं को कम करने के लिए परिवहन और पुलिस विभागों द्वारा किए गए उपायों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान, परिवहन और पुलिस विभागों ने गुवाहाटी में शराब के नशे में गाड़ी चलाने से जुड़ी घटनाओं सहित विभिन्न जिलों में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों के बारे में जानकारी दी।  उन्होंने संबंधित विभागों को फुट ओवर-ब्रिज और फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में ग्रामीण सड़कों पर दुर्घटनाओं के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि वे स्कूल, अस्पताल और थानों के सामने स्पीड ब्रेकर लगाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने ग्रामीण सड़कों के हर किलोमीटर के भीतर दो स्पीड-ब्रेकर बनाने का आदेश दिया। इस बात पर जोर दिया कि उनकी जगह और डिजाइन स्थानीय ग्रामीणों के परामर्श से निर्धारित की जानी चाहिए। आईएएनएस।

श्रीभूमि के नीलम बाजार में भीषण दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत, 5 घायल

श्रीभूमि जिले में असम-त्रिपुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नीलाम बाजार कॉलेज के सामने भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। यह दुखद दुर्घटना शुक्रवार सुबह घटी। एक क्रूजर और ऑटो के बीच हुई टक्कर में कमाल उद्दीन नामक व्यक्ति की मौत हो गई। दुर्घटना में घायल हुए पांच लोगों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ड्राइवर और एक बच्चा भी शामिल है। घायलों के नाम ज्ञात नहीं हो सके हैं। घायलों को तुरंत बचा लिया गया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना की खबर मिलने पर नीलाम बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहनों की टक्कर इतनी तेज थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस फिलहाल सड़क दुर्घटना का सही कारण जानने के लिए जांच कर रही है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

योगेश दुबे

Popular Articles