Sunday, September 6, 2026

शिक्षा मंत्री डॉ, रनोज पेगु छात्रावास का किया उद्घाटन

  • मंत्री डॉ. पेगु ने कहा कि लखीपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के रूप में कौशिक राय अच्छा काम कर रहे। क्षेत्रवासियों के हितों को लेकर गंभीर है।

राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु कछार जिले के दौरे के दौरान लखीपुर विधानसभा क्षेत्र में असम  – मणिपुर सीमा इलाके में एक छात्रावास का उद्घाटन किया। म्हारखुलिन इलाके में यूनियन हाई स्कूल के नवनिर्मित छात्रावास का उद्घाटन किया गया। शिक्षा मंत्री पेगु ने दूरदराज इलाकों से आकर पढ़ने वालों छात्रों की पढ़ाई को जारी रखने के लिए छात्रावास भवन निर्माण होना बहुत ज़रूरी बताया।

इस अवसर पर बराक घाटी विकास विभाग के मंत्री कौशिक राय भी उपस्थित थे। क्षेत्र के विधायक तथा कैबिनेट सहयोगी कौशिक राय के कार्यों की प्रशंसा की। मंत्री डॉ. पेगु ने कहा कि लखीपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के रूप में कौशिक राय अच्छा काम कर रहे। क्षेत्रवासियों के हितों को लेकर गंभीर है। दरअसल, उनके प्रयासों से ही लखीपुर निर्वाचन क्षेत्र में शिक्षा विभाग में बुनियादी ढांचे का काफी विकास हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि यूनियन हाई स्कूल का छात्रावास शिक्षा विभाग के फंड से नहीं बनाया गया है। इसे आदिवासी विकास विभाग के फंड से एक करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया। यूनियन हाई स्कूल का शैक्षणिक भवन का भी नव निर्माण किया जाएगा।

इस इमारत की मरम्मत के लिए अब और जगह नहीं बची है। अगले वर्ष इस नए भवन के लिए धनराशि आवंटित होने की पूरी संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा ने कहा है कि असम में 2,000 स्कूल भवनों का नवनिर्माण किया जाएगा। प्रत्येक भवन के लिए तीन से सात करोड़ रुपये आवंटित किए जाएँगे। अब तक 400 स्कूल भवनों का नवनिर्माण हो चुका है।

मंत्री कौशिक राय ने कहा कि यूनियन हाई स्कूल पूरी बराक घाटी का एकमात्र सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल है। दूर-दराज के कई गाँवों से छात्र इस स्कूल में पढ़ने आते हैं और फुलेरतल-ह्मारखुलिन में किराए के मकान लेकर पढ़ाई करते हैं। जब छात्र-अभिभावक ने शिक्षा मंत्री से छात्रावास निर्माण का अनुरोध किया, तो मंत्री ने तुरंत छात्रावास निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए स्वीकृत कर दिया। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों की ओर से शिक्षा मंत्री डॉ.पेगु का आभार व्यक्त किया।

चंद्रशेखर ग्वाला

Popular Articles