Saturday, September 5, 2026

सिलचर-इंफाल नेशनल हाईवे पर लालपानी इलाके में तेल टैंकर ट्रक की चपेट में आने से दो स्कूली बच्चों की मौत, एक महिला घायल

  • क्षेत्र के उत्तेजित भीड़ ने लालपानी में राष्ट्रीय राजमार्ग 37 को कई घंटे किया अवरुद्ध 

भयानक सड़क हादसा! ऑयल टैंकर की चपेट में आने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई। यह दुखद हादसा गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे सिलचर-इंफाल नेशनल हाईवे पर लालपानी इलाके में हुआ। पता चला है कि लालपानी सनराइज स्कूल के केजी 1 और नर्सरी के छात्र सनतंबा मिया और अब्दुस समद स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी लालपानी इलाके में एक ऑयल टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

समद की मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्कूटी समद की मां चला रही थी। हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साई भीड़ ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया और जमकर विरोध किया। हादसे की खबर मिलने के बाद जिरीघाट और लखीपुर  पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हालात को काबू में करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक सिलचर की ओर भाग गया। बाद में प्रत्यक्षदर्शियों ने टैंकर का पीछा किया और पैलापुल पहुंचकर उसे रोकने में सफल हुए। फिलहाल पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।

इस घटना के बाद क्षेत्र के उत्तेजित भीड़ ने लालपानी में राष्ट्रीय राजमार्ग 37 को अवरुद्ध कर दिया। गुस्साए भीड़ ने छात्रों की शव को सड़क पर छोड़ दिया और जाम लगा दिया। इस दौरान, हजारों छोटे-बड़े वाहनों सहित कई तेल टैंकर वाहन फंसे रहे। मजिस्ट्रेट पंखी हजारिका के साथ भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। इसके पूर्व उत्तेजित भीड़ ने कई तेल टैंकर वाहनों में तोड़फोड़ की।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। मजिस्ट्रेट समेत पुलिस टीम ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर दोनों बच्चों के शवों को सिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सड़क जाम दोपहर तीन बजे तक जारी रहा। पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास तुरंत मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर राष्ट्रीय राजमार्ग से जाम खुलवाया।

चंद्रशेखर ग्वाला

Popular Articles