Monday, September 7, 2026

सिलचर प्रेस क्लब में पीआईबी ने की ‘वार्ता’ कार्यक्रम: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत कुमार पाल ने युवाओं में नशीली दवाओं के खतरे को रोकने के लिए किया सामूहिक कार्रवाई का आह्वान 

  • 18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं में नशीली दवाओं के दुरुपयोग खतरनाक

सिलचर प्रेस क्लब में पीआईबी, असम द्वारा वार्ता नामक आयोजित कार्यक्रम में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर नशा मुक्ति पर जोर दिया गया। यह बल देते हुए कहा गया कि मादक पदार्थ का उपयोग सिर्फ इसका सेवन करने वालों को मानसिक, सामाजिक व चिकित्सीय रूप से प्रभावित नहीं करता है, बल्कि उनके परिवारों और समुदायों को भी प्रभावित करता है।

इस अवसर पर कछार जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ( अपराध ) आईपीएस रजत कुमार पाल ने युवाओं में नशीली दवाओं के खतरे को रोकने के लिए सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया। उनका कहना था कि नशीली दवाओं की लत केवल एक व्यक्तिगत त्रासदी नहीं है; यह एक सामाजिक महामारी है जो तत्काल, एकजुट और बिना किसी समझौते के कार्रवाई की मांग करती है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत कुमार पाल ने युवाओं, विशेष रूप से 18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं में नशीली दवाओं के दुरुपयोग की खतरनाक वृद्धि को रेखांकित किया, जो अक्सर तनाव, चिंता और साथियों के दबाव के कारण नशे की लत का शिकार हो जाते हैं। विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत प्रकाश डाला। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मादक पदार्थों के खिलाफ कछार पुलिस के अडिग रुख के बारे में विस्तार से बताया, जिले भर में अवैध नशीली दवाओं के व्यापार पर कई सफल कार्रवाई का विवरण दिया।

इस बढ़ते सामाजिक संकट की जड़ों को खत्म करने के लिए व्यापक सामुदायिक जागरूकता और प्रारंभिक चरण के हस्तक्षेप द्वारा पूरक होनी चाहिए। निरंतर संवाद और शिक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए, पुलिस अधिकारी पाल ने जागरूकता फैलाने और सामूहिक जिम्मेदारी की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए मीडिया और हितधारकों को एक साझा मंच पर लाने की पीआईबी की पहल की सराहना की।

उन्होंने मीडिया कर्मियों से मादक द्रव्यों के सेवन के खतरों के बारे में तथ्यात्मक, समय पर और रचनात्मक जानकारी प्रसारित करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में एक और गंभीर स्वास्थ्य चिंता, नेत्र आघात पर भी प्रकाश डाला गया। अपने संबोधन में, कछार में स्वास्थ्य सेवाओं के संयुक्त निदेशक डॉ. सिवानंद रॉय ने नेत्र चोटों से जुड़े कारणों, जोखिमों और निवारक रणनीतियों पर चर्चा की।

इससे पहले, अपने स्वागत भाषण में, क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी, श्रीमती पंथोइबी सिंघा ने कहा कि “वार्ता” सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत प्रेस सूचना ब्यूरो द्वारा शुरू की गई एक सराहनीय पहल है, जिसका उद्देश्य जनहित के ज्वलंत मुद्दों पर मीडिया पेशेवरों के साथ सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है। यह मंच न केवल महत्वपूर्ण संदेशों को आगे बढ़ाता है, बल्कि नेत्र आघात जैसी गंभीर चिताओं पर जागरूकता भी पैदा करता है।

नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस का पालन समाज को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विनाशकारी प्रभाव के बारे में एक महत्वपूर्ण अनुस्मारक के रूप में कार्य करता है, जो एक स्वस्थ और अधिक सूचित राष्ट्र बनाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का आग्रह करता है।

Popular Articles