Photo
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सिलचर और महिषासन के बीच चलने वाली दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इनमें ट्रेन संख्या 55662/55661 और 55686/55685 (सिलचर – महिषासन – सिलचर) पैसेंजर शामिल हैं। इन ट्रेनों के फेरों को सप्ताह में दो दिन से बढ़ाकर सप्ताह में छह दिन कर दी गई हैं।
पूसी. रेलवे द्वारा इन पैसेंजर ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के निर्णय से इस अंचल के साथ-साथ संलग्न अंचल के लोगों को कई महत्वपूर्ण लाभ होंगे। निरंतर चलने वाली यह सेवा सिलचर और महिषासन के बीच सुलभ दैनिक यात्रा या दैनिक पहुँच सुनिश्चित करेगी, जो नियमित यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और कार्यालय जाने वालों के लिए विशेष रूप से लाभदायक है।
बढ़ी हुई रेल सेवाओं से छोटे व्यापारियों, कृषि उत्पादों और दैनिक वस्तुओं के परिवहन में मदद मिलेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और बाज़ारों को बढ़ावा मिलेगा। ट्रेन संख्या 55662/55661 (सिलचर – महिषासन – सिलचर) पैसेंजर, जो पहले सप्ताह में केवल दो दिन चलती थी, अब 28 जुलाई, 2025 से दोनों दिशाओं में सप्ताह में छह दिन (शुक्रवार को छोड़कर) चलेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 55686/55685 (सिलचर – महिषासन – सिलचर) पैसेंजर, जो पहले सप्ताह में केवल दो दिन चलती थी, अब 28 जुलाई, 2025 से दोनों दिशाओं में सप्ताह में छह दिन (रविवार को छोड़कर) चलेगी।
इन ट्रेनों के ठहराव और समय-सारणी का विवरण एनटीईएस पर उपलब्ध है और पू. सी. रेलवे के सोशल मीडिया माध्यमों पर भी अधिसूचित किया जा रहा है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले विवरणों की जांच कर लें। एक प्रेस विज्ञप्ति जारी पूसी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने इसकी जानकारी दी।


