Saturday, April 18, 2026

सिलचर शहर में ट्रैफिक समस्या को कम करने के लिए गंभीर सरकार, बराक घाटी विकास विभाग मामलों के मंत्री कौशिक राय ने की महत्वपूर्ण बैठक 

  • सिलचर में एलिवेटेड रोड, सड़क का चौड़ीकरण और मधुराघाट सेतु के निर्माण पर गहन चर्चा 

सिलचर महानगर इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों पर समीक्षा बैठक हुई। कछार जिला आयुक्त कार्यालय सभागार में बराक घाटी विकास विभाग मामलों के मंत्री कौशिक राय की अध्यक्षता में आयोजित  समीक्षा बैठक में कैपिटल प्वाइंट ( ट्रंक रोड ) से रंगीरखाड़ी तक एलिवेटेड रोड ( फ्लाईओवर ),सिलचर-हैलाकांदी रोड (बीरबल बाजार से मेडिकल कॉलेज तक दो लेन) का चौड़ीकरण और  मधुरमुख को सिलचर शहर से जोड़ने वाले बराक नदी पर मधुराघाट आरसीसी सेतु के निर्माण पर भी गहन रूप से विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में मंत्री कौशिक के अलावा राज्यसभा सांसद कणाद पुकायस्थ, विधायक क्रमशः दीपायन चक्रवर्ती ( सिलचर ), मिहिर कांति सोम ( उधारबंद ), कछार जिला आयुक्त मृदुल यादव और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित समीक्षा बैठक संपन्न हुई। कहा गया कि इन कार्यों से कनेक्टिविटी में काफी सुधार होने की उम्मीद है। सिलचर शहर से मेडिकल कॉलेज तक ट्रैफिक समस्या एक बड़ी चुनौती है।

इस रूट पर एसएमसी के अलावा कई बड़े अस्पतालों के होने के अलावा आगे एनआईटी और असम विश्वविद्यालय पड़ता है। इसके अतिरिक्त नया जिला मुख्यालय भी घुंघुर बाईपास पर बन रहा। ऐसे में यह सड़क रूट बहुत ही महत्वपूर्ण है। डॉ. हिमंत विश्व शर्मा सरकार ने कई क्रांतिकारी फैसले लिए, जिससे भविष्य में ट्रैफिक समस्या को काफी अधिक तक कम किया जा सकेगा। एलिवेटेड रोड और वर्तमान सड़क का चौड़ीकरण करने से आवागमन सहज होगा। वहीं बराक नदी पर नया मधुराघाट पर सेतु, जो बड़े सिलचर शहर को जोड़ेगा, भी बनने से शहर का आकार बढ़ जाएगा। सिलचर शहर में यातायात की आवाजाही में बहुत आसानी होगी।

Popular Articles