Saturday, October 24, 2026

धोलाई उपचुनाव के लिए कछार जिला प्रशासन ने कसी कमर, आदर्श आचार संहिता लागू 

 

13 नवंबर को मतदान और मतों की मतगणना 23 नवंबर को होगा

असम में पांच विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव आगामी 13 नवंबर को होगा। कछार जिले के धोलाई विधानसभा क्षेत्र में मतदान होगा। चुनाव आयोग द्वारा गत कल मतदान तिथि की घोषणा होते ही 24 घंटे के अंदर कछार जिला प्रशासन ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी प्रक्रियाओं में जुट गई। कछार जिले में चुनावी आचार संहिता को लागू कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मासी टोपनो ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा मंगलवार को उपचुनाव की तारीख की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है।

बुधवार को जिला आयुक्त कार्यालय में जिला आयुक्त मृदुल यादव, पुलिस अधीक्षक नुमाल महत्ता, निर्वाचन अधिकारी टोपनो व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आदर्श चुनाव आचार संहिता के तहत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बैठक में बुलाया गया था। लगाए गए विभिन्न प्रतिबंधों के बारे में जानकारी दी।

Advertisement

उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए नामांकन पत्र 18 अक्टूबर से सिलचर में जिला आयुक्त कार्यालय के पुराने सभागार कक्ष में स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्टूबर को होगी और इसे वापस लेने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर है। वहीं 13 नवंबर को मतदान है और मतों की मतगणना 23 नवंबर की जाएगी। मतों की गिनती रामनगर आईएसबीटी और आईएसटीटी में होगी। नामांकन निर्धारित दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।

धोलाई विस क्षेत्र में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 208 है।  मतदाताओं की संख्या- 1,97,642 है। इनमें पुरुष-99,756 और महिला-97,885, थर्ड जेंडर मतदाता-1 हैं। कुल मतदाताओं में सर्विस वोटर-620, दिव्यांग वोटर-108 और 726 मतदाता ऐसे जिनकी उम्र 85  से अधिक है। इन आंकड़ों पर प्रकाश डालते हुए टोपनो ने कहा कि अगर किसी को आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत करनी हो तो वे इसकी सूचना “1950” टोल फ्री टेलीफोन नंबर या “सी विजिल मोबाइल ऐप” पर दे सकते हैं।

उन्होंने कहा, आदर्श चुनाव आचार संहिता के कारण अगर कोई बिना वैध दस्तावेजों के 50,000 रुपये से अधिक लेकर घूमता है, तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। जिला आयुक्त मृदुल यादव ने कहा कि अभ्यर्थी नामांकन शुल्क के रूप में 5 हजार रुपये जमा करने होंगे। वहीं प्रत्येक उम्मीदवार की अधिकतम चुनावी खर्च सीमा 40 लाख है।

पुलिस अधीक्षक नुमाल महत्ता ने कहा कि चुनाव सुचारु और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न इसके लिए सुरक्षा की दृष्टि से हर संभव कदम उठाया जाएगा। सुरक्षा बलों के कितनी कंपनियों को तैनात किया जाएगा इसकी समीक्षा की जाएगी। चुनाव के दौरान आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के साथ-साथ मिजोरम राज्य के संबंधित जिलों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव से पहले पुलिस और प्रशासन की संयुक्त पहल से एक नियंत्रण कक्ष खोला जाएगा। संवाददाता सम्मेलन में उपस्थित अन्य लोगों में दो अतिरिक्त जिला आयुक्त वन लाल लिम्पुइया नामपुई और ध्रबज्योति हज़ारिका और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुब्रत सेन भी शामिल थे।

Yogesh Dubey 

Popular Articles