सिलचर में पदयात्रा समय दोनों मंत्रियों के साथ विधायक एवं नेतागण।
डॉ. हिमंत विश्व शर्मा सरकार में मंत्री बनने के बाद बराक घाटी की प्रथम यात्रा पर पहुंचे कौशिक राय और कृष्णेंदु पाल का भव्य स्वागत किया गया। कौशिक राय कछार जिले के लखीपुर क्षेत्र जबकि कृष्णेंदु पाल श्रीभूमि जिले के पाथरकांदी विधानसभा क्षेत्र से प्रतिनिधित्व करते हैं। सिलचर के कुंभीग्राम एयरपोर्ट पर आज सुबह जैसे ही दोनों मंत्रियों का आगमन हुआ, उनके स्वागत के लिए पहुंचे लोगों ने फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। दलीय नेताओं, कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपरोक्त मंत्रियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

एयरपोर्ट से निकली काफिला सिलचर स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पहुंची, फिर यहां से पदयात्रा रैली का आयोजन हुआ। शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए मंत्री राय और मंत्री पाल रंगीरखाड़ी प्वाइंट पहुंचे। पदयात्रा के दौरान तीन विधायक दीपायन चक्रवर्ती, मिहिर कांति सोम, निहार रंजन दास, पार्टी के प्रदेश सचिव कनाद पुरकायस्थ, जिला अध्यक्ष बिमलेंदु राय, भाजपा के वरिष्ठ नेता अवधेश सिंह, अमिताभ राय, झलक चक्रवर्ती, अमिय कांति दास, गोपाल प्रधान सहित पूर्व विधायकों की भी उपस्थिति रही। पदयात्रा के दौरान अलग – संगठनों, क्लबों ने मंत्री को फूलमाला और अंग वस्त्र पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। लड्डू खिलाया गया। महिलाओं ने फूलों की वर्षा की।

प्रदेश के मंत्री कौशिक राय ने अपने संबोधन में कहा कि वे भाजपा पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी टिकट पर पहली बार चुनाव लड़े और जीत हासिल की। उनका लखीपुर का विधायक बनना पार्टी की एकमात्र उपलब्धि है उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि वह बराक घाटी के पुत्र हैं इसलिए वह यहां के विकास को प्राथमिकता देंगे। मंत्री बनाए जाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा का आभार व्यक्त किया। मंत्री राय ने कहा कि बराक घाटी विकास विभाग समेत कई कई प्रमुख विभागों को उनके जिम्मा आना बड़ी जिम्मेदारी है।

बराक घाटी में जिस प्रकार अपने संतान का स्वागत किया है, उनके ( जनता ) आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनका कर्तव्य है। बराक घाटी में विकास गति को आगे बढ़ाना ही उनका प्रमुख उद्देश्य है। मुख्यमंत्री ने उनपर जो भरोसा जताया है, उनके विश्वास को बनाए रखने के साथ क्षेत्र की विकास को सर्वोपरि रखेंगे। मंत्री पाल ने कहा कि बराक घाटी को दो मंत्री मिले हैं। यह हर्ष का विषय है और बराक घाटी के विकास में एक मंत्री के रूप में उनकी क्या सहभागिता क्या हो सकती है, इसपर जोर देंगे। वहीं बराक हिंदी साहित्य समिति ने अस्पताल रोड, पंजाब बैंक नीचे पदयात्रा में योगदान करने वाले लोगों को पानी पिलाया। उसके बाद मंत्री राय अपने विधानसभा क्षेत्र लखीपुर और मंत्री पाल पाथरकांदी क्षेत्र में लौट गए। वहां भी स्वागत एवं सम्मान हुआ। दोनों मंत्रियों ने जनता का आभार व्यक्त किया।
योगेश दुबे


