विस्फोट स्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक नुमाल महत्ता
काटीगोरा के तरणीपुर स्थित जंदू इंफ्राटेक कंपनी लिमिटेड के बेस कैंप मुख्य द्वार के पास एक धमाका हुआ है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई। कछार जिले के पुलिस अधीक्षक नुमाल महत्ता के मुताबिक शाम करीब 4:30 बजे के आसपास पटाखे जैसी तेज आवाज सुनी गई।

आवाज को काफी दूर तक सुनाई दी। कंपनी के एक कर्मचारी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान एक छोटे से बोगोरी पेड़ पर कुछ खरोंच के निशान मिले। सावधानीपूर्वक जांच के दौरान मौके पर मेघालय में पत्थर की खदानों में इस्तेमाल होने वाली जिलेटिन की छड़ें जैसी कुछ विस्फोटक सामग्री, एक बैटरी जैसी वस्तु और कुछ प्लास्टिक के टुकड़े मिले। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह कुछ बदमाशों द्वारा भय पैदा करने की घटना है।
उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया है और कुछ स्थानीय निवासियों और निर्माण कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की है। आगे की जांच जारी है।


