Saturday, April 18, 2026

डॉ. कुसुम कुंज मालाकार और डॉ. चंदना शर्मा को शिलांग में मिला विशेष सम्मान 

  • सम्मान प्राप्त करते समय की तस्वीर 

मेघालय की राजधानी शिलांग में दिनांक 30 मई से 01 जून, 2025 तक तीन दिवसीय 19वाँ लेखक मिलन शिविर अत्यंत भव्यता और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन का उद्घाटन मेघालय के राज्यपाल सचिव, आई.ए.एस. डॉ. वी. डी. तिवारी द्वारा किया गया।

इस महत्त्वपूर्ण साहित्यिक शिविर में देशभर के 18 राज्यों से पधारे लगभग 120 लेखक, कवि, कहानीकार एवं साहित्यकारों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। हिंदी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार हेतु यह शिविर एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम के एक विशेष सत्र में डॉ. कुसुम कुंज मालाकार (विभागाध्यक्ष, हिंदी विभाग, कॉटन विश्वविद्यालय) को हिंदी भाषा, साहित्य एवं नागरी लिपि के प्रचार-प्रसार में विशेष योगदान के लिए केशरदेव गिनिया देवी बजाज स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया। इसी क्रम में गुवाहाटी स्थित प्रागज्योतिष कॉलेज की प्राध्यापिका डॉ. चंदना शर्मा को उनके साहित्यिक लेखन एवं सक्रिय साहित्यिक सहभागिता के लिए ‘महाराज कृष्ण जैन स्मृति सम्मान’ प्रदान किया गया।

इन सम्मानों ने न केवल सम्मानित साहित्यकारों की उपलब्धियों को मान्यता दी है, अपितु हिंदी साहित्य समाज के लिए गौरव का विषय बनते हुए पूर्वोत्तर भारत में हिंदी के प्रचार-प्रसार को एक नवीन दिशा प्रदान की है।

Popular Articles