- बेदखली अभियानों का ज़िक्र करते हुए, गोगोई ने मांग की कि सरकार स्पष्ट करे कि बेदखल किए गए लोगों में से कितने असली भारतीय और कितने अवैध घुसपैठिए नागरिक
असम प्रदेश कांग्रेस समिति ( एपीसीसी ) के अध्यक्ष पद की कमान संभालने के बाद से गौरव गोगोई पार्टी संगठन की नीव को मज़बूती प्रदान के क्रम में लगातार कोशिश में लगे है। हैलाकांदी जिले में आज उन्होंने ‘मेरा बूथ – मेरी मांग’ अभियान की शुरुआत की। एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे एपीसीसी प्रमुख गोगोई ने जनता से राज्य में बदलाव का आह्वान किया।
सत्तारूढ़ भाजपा तथा असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा पर जमकर निशाना साधा। एपीसीसी अध्यक्ष गोगोई ने बराक घाटी के अपने दौरे के दौरान भाजपा के नेतृत्व वाली असम सरकार की कड़ी आलोचना की और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। इसके साथ ही, उन्होंने जमीनी स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ‘मेरा बूथ, मेरी मांग’ अभियान शुरू किया।
शनिवार को हैलाकांडी जिले में कई जनसभाओं को संबोधित करते हुए, गोगोई ने शासन में बदलाव की ज़रूरत पर ज़ोर दिया और मौजूदा सरकार पर ज़मीन वितरण में पक्षपात और चल रहे बेदखली अभियानों में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ सरकार के प्रति जनता का असंतोष बढ़ रहा है और कांग्रेस पार्टी बदलाव की इस मुहिम का नेतृत्व करने के लिए कमर कस रही है। गोगोई ने आरोप लगाया, “पिछले एक दशक में, भाजपा ने सत्ता का इस्तेमाल अपने परिवारों को फायदा पहुँचाने के लिए किया है।”
उन्होंने आगे कहा, “ज़मीन के पट्टे आम लोगों को नहीं, बल्कि सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के रिश्तेदारों को बांटे गए। इस बीच, मुख्यमंत्री की संपत्ति कई गुना बढ़ गई है और लोग जवाब मांग रहे हैं।” असम भर में चल रहे विवादास्पद बेदखली अभियानों का ज़िक्र करते हुए, गोगोई ने मांग की कि सरकार स्पष्ट करे कि बेदखल किए गए लोगों में से कितने असली भारतीय नागरिक हैं और कितने अवैध घुसपैठ। उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “अगर बेदखल किए गए लोग अवैध बांग्लादेशी हैं, तो उन्हें असम समझौते के तहत निर्वासित किया जाए। लेकिन अगर वे भारतीय नागरिक हैं, तो उनका कानूनी रूप से पुनर्वास किया जाना चाहिए।
‘मेरा बूथ, मेरी मांग’ अभियान, जिसकी गोगोई ने जानकी बाजार में औपचारिक शुरुआत की, का उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्थानीय मतदाताओं से सीधे जुड़ने के लिए सशक्त बनाना है। इस पहल के तहत, कांग्रेस प्रतिनिधि अपने-अपने बूथ क्षेत्रों का दौरा करेंगे और गहन सर्वेक्षण करेंगे, स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी इकट्ठा करेंगे और समुदाय की जरूरी जरूरतों की पहचान करेंगे। उन्हें दर्ज करके एपीसीसी की नई लॉन्च की गई आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा, जिससे लोगों की शिकायतों का व्यवस्थित ढंग से समाधान हो सकेगा।
एपीसीसी प्रवक्ता संजीव रॉय ने बताया कि पार्टी ने सोशल मीडिया पर भी जोरदार प्रचार शुरू किया है, जहाँ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने बूथ क्षेत्रों के मुद्दों को हैशटैग #amarboothamardabi और #jujekhonhobo के ज़रिए उजागर करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। 2026 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए, गोगोई ने पुष्टि की कि कांग्रेस अकेले चुनाव नहीं लड़ेगी और समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ बातचीत शुरू हो चुकी है।
उन्होंने कहा, “हम एक मजबूत और एकजुट विपक्षी मोर्चा बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। बातचीत जारी है और हमें जल्द ही आम सहमति बनने की उम्मीद है।” दिन के कार्यक्रमों की शुरुआत गोगोई के सिलचर हवाई अड्डे पर पहुँचने के साथ हुई, जहां से वे सीधे हैलाकांदी पहुंचे और चुनाव प्रचार शुरू किया।


