- समाज की एकजुटता, सेवा कार्यों, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व एवं सामाजिक उत्थान में मारवाड़ी युवा मंच की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर दिया बल
सिलचर के एक होटल में अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन, राष्ट्रीय महामंत्री मोहित नाहटा एवं पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच के संयुक्त मंत्री सूरज जैन के आगमन पर पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच मंडल–I की प्रथम संगठनात्मक बैठक एवं भव्य अभिनंदन समारोह अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
VIDEO
इस ऐतिहासिक अवसर पर मंडल–I उपाध्यक्ष हरीश काबरा एवं मंडल–I सचिव मंदाक्ष गुलगुलिया ने पूरे आयोजन का नेतृत्व किया। साथ ही मारवाड़ी युवा मंच सिलचर अध्यक्ष विवेक जैन, सिलचर टाइटन्स अध्यक्ष अमित बरडिया, समृद्धि अध्यक्षा कविता पटवा एवं सिलचर उदय अध्यक्ष प्रतीक सांड तथा उनकी पूरी टीम ने मिलकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। मंडल–I कार्यकारिणी सदस्यों मनोज सोनावत, धीरज जैन तथा मंडल के स्थायी आमंत्रित सदस्य ललित बोथरा की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
मारवाड़ी सम्मेलन मंडल ई के नवनिर्वाचित प्रांतीय उपाध्यक्ष पवन जैन का स्वागत मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम . जैन द्वारा किया गया। साथ ही लखीपुर शाखा से हेमंत बिनायकिया की भी विशेष उपस्थिति रही। संगठनात्मक बैठक में मंच की सभी स्थानीय शाखाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन एवं राष्ट्रीय महासचिव मोहित नाहटा के साथ सार्थक विमर्श किया। बैठक में मंच की भावी योजनाओं, सामाजिक उत्थान, युवाओं की भागीदारी तथा समाज में मंच की सशक्त भूमिका पर गहन चर्चा हुई, जिसने सभी शाखाओं को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की।

अभिनंदन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। ऋद्धि एवं सिद्धि उपाध्याय ने मनमोहक गणेश वंदना प्रस्तुत की और रिंकू काबरा ने स्वागत गीत से सभी का हृदय जीत लिया। कवयित्री मधु पारख ने अपनी भावपूर्ण रचना प्रस्तुत कर समाज की भावनाओं व संस्कारों को सुंदर शब्दों में पिरोया। समारोह में जैन समिति अध्यक्ष मुलचंद बैद एवं मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष धनराज सुराना विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच से संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन, राष्ट्रीय महासचिव मोहित नाहटा, मुलचंद बैद सहित अन्य अतिथियों ने समाज की एकजुटता, सेवा कार्यों, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व एवं सामाजिक उत्थान में मारवाड़ी युवा मंच की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।

साथ ही आने वाले समय में और अधिक प्रभावी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न शाखाओं के अध्यक्षों ने अपने-अपने कार्यों की झलक प्रस्तुत की। समाज की अनेक संस्थाओं ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासचिव का अभिनंदन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। संगठनात्मक बैठक का संचालन विवेक मारोठी ने तथा अभिनंदन समारोह का मंच संचालन सोनम जैन ने सफलतापूर्वक किया। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य जनों, महिलाओं एवं युवाओं की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
सभी ने एक स्वर में कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज की एकता और मजबूती के प्रतीक हैं। कार्यक्रम का समापन रात्रिभोज के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल समाज में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने वाला रहा, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि मारवाड़ी युवा मंच आने वाले समय में और अधिक सशक्त, संगठित एवं जनकल्याणकारी कार्यों की दिशा में निरंतर अग्रसर रहेगा। बताया गया कि यह आयोजन सभी शाखाओं के संयुक्त प्रयास से एक भव्य और ऐतिहासिक सफलता के रूप में दर्ज हुआ। एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी गई।
Yogesh Dubey – Purvottar Halchal


