Sunday, September 6, 2026

असम मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, राज्य में भाजपा लगाएगी जीत की हैट्रिक , ‘सीएम महिला उद्यमिता’ अभियान के तहत महिलाओं को प्रदान किए चेक 

  • मधुरा सेतु का आधारशिला रखेंगे कल (7 दिसंबर) 

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने दोहराया कि आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में पुनः भाजपा की सरकार आ रही है। जनता मौजूदा सरकार के कामों से खुश है। राज्य के सभी क्षेत्रों का समान रूप से विकास हो रहा। मालूम हो कि शनिवार को बराक घाटी में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा यात्रा के पहले दिन हैलाकांदी और कछार जिले के धोलाई में ‘सीएम महिला उद्यमिता’ अभियान के तहत महिलाओं के बीच चेक वितरण किए।

मुख्यमंत्री के साथ मंच पर दो मंत्री कौशिक रॉय और कृष्णेंदु पाल, पूर्व मंत्री गौतम रॉय, विधायक विजय मालाकार, निज़ाम उद्दीन चौधरी, जाकिर हुसैन लस्कर और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री सबसे पहले हैलाकांदी पहुंचे। उन्होंने हैलाकांदी के रवींद्र मेला मैदान में महिला उद्यमी के बीच चेक बांटे। हैलाकांदी जिले की कुल 17,774 महिलाओं को आज ये चेक दिए गए। चेक बांटते समय मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले फ़ेज़ में 10,000 रुपये, एक साल बाद 25,000 रुपये और तीन साल बाद 50,000 रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह और देते हुए कहा, इस प्रकल्प का फायदा उठाने के लिए महिलाओं के तीन से ज्यादा संतान नहीं होने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हैलाकांदी सिविल हॉस्पिटल में बहुत जल्द एक एमआरआई मशीन स्थापित कर यह सुविधा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हैलाकांदी जिला क्रीड़ा संघ के लिए 2 करोड़ रुपये देने का भी ऐलान किया। बाद में मुख्यमंत्री ने मीडिया के साथ बातचीत में बताया कि जिला प्रशासन को हैलाकांदी मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए जल्दी से जमीन मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने असम के गमछा और चायपत्ती की परंपरा को दुनिया के सामने रखा है।

आखिर में उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में असम में भाजपा सरकार फिर से सत्ता में आएगी। वहीं धोलाई में भी महिला उद्यमी के बीच चेक वितरण हुआ। मुख्यमंत्री के साथ राज्य के मंत्री कौशिक राय, सिलचर के सांसद परिमल शुक्लवैद, धोलाई व सिलचर के विधायक क्रमशः निहार रंजन दास, दीपायन चक्रवर्ती, कछार जिला परिषद अध्यक्ष कंकन नारायण सिकदर सहित आदि थे।

धोलाई में मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान के तहत कुल 20,045 स्वयं सहायता समूहों की कुशल महिलाओं को प्राथमिक पूंजी के रूप में 10,000 का चेक प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को स्वावलंबन बनाने के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री 7 दिसंबर को मधुरा सेतु का आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा सिलचर में भी आयोजित होने समारोह में महिला उद्यमिता अभियान के तहत महिलाओं को दस हज़ार का चेक प्रदान करेंगे।

योगेश दुबे 

Popular Articles