- सरकार विकास के लिए है प्रतिबद्ध
सिलचर में प्रस्तावित फ्लाईओवर का हो रहे विरोध पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि यदि यहां की जनता चाहेगी, तो बनेगा और यदि विरोध करेंगे, तो निर्माण नहीं होगा। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा स्पष्ट किया कि सिलचर में प्रस्तावित फ्लाईओवर का निर्माण हो या नहीं, यह जनता पर निर्भर करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास ही उनकी सरकार का एकमात्र लक्ष्य है।
शनिवार को धोलाई विधानसभा क्षेत्र के बरजलेंगा में महिला उद्यमिता चेक वितरण समारोह के बाद मीडिया के सवालों के उत्तर में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने सिलचर में प्रस्तावित फ्लाईओवर के बारे में स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “अगर लोग चाहेंगे तो फ्लाईओवर बनेगा, अगर वे विरोध करेंगे तो नहीं बनेगा।” उन्होंने सभी से विकास के लिए इस प्रोजेक्ट के साथ खड़े होने की अपील की। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार बहस में नहीं पड़ना चाहती। सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन जनता चाहेगी तभी वह फ्लाईओवर को लेकर आगे बढ़ेंगे।
सिलचर में फ्लाईओवर के निर्माण की मंजूरी बराक घाटी के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखकर दी गई है। अगर लोग इसका समर्थन करते हैं तो निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा, प्रस्तावित फ्लाईओवर के लिए राशि जारी कर दी गई है, निर्माण के लिए ठेकेदार तैयार है, किंतु विरोध होने पर काम नहीं हो पाएगा।


