Sunday, September 6, 2026

एलजीबीआई हवाई अड्डे ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण अभियान, सफाई अभियान और जागरूकता पहलों का किया आयोजन 

  • गुवाहाटी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के कर्मचारियों और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मियों ने इस पहल में सक्रिय रूप से लिया भाग

गुवाहाटी। लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतर्राष्ट्रीय (एलजीबीआई) हवाई अड्डे ने पर्यावरण जागरूकता और स्थिरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई पहलों के माध्यम से विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार सुबह जीआईएएल प्रशासनिक कार्यालय में शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुई, जिसके बाद कार्यालय परिसर से न्यू एयरपोर्ट एसओएस रोड तक स्वच्छता अभियान चलाया गया।

गुवाहाटी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के कर्मचारियों और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मियों ने इस पहल में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर एसओएस रोड के किनारे 150 पौधे लगाए गए। साथ ही, टर्मिनल पर एक पौधा वितरण अभियान के माध्यम से यात्रियों को पर्यावरण के अनुकूल प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति और अधिक जागरूक करने और उन्हें इसमें शामिल करने के उद्देश्य से, क्रिएटिव गैलेक्सी टीम द्वारा हवाई अड्डे के टर्मिनल पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे यात्रियों ने काफी पसंद किया।

हवाई अड्डे ने पिछले वृक्षारोपण अभियानों के दौरान लगाए गए पौधों की अच्छी वृद्धि का भी उल्लेख किया, जो दीर्घकालिक पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इन पहलों के माध्यम से, एलजीबीआई हवाई अड्डे ने स्वच्छ, हरित और अधिक टिकाऊ भविष्य के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

Popular Articles