- कुछ दिन पहले भेजा था राहत सामग्री
गुवाहाटी। नॉर्थ ईस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ( नेटा ) का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से मिला और बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए 1,01,000 ( एक लाख एक हजार ) का चेक भी प्रदान किया।

नेटा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने संघ की छह भाषाओं में प्रकाशित पुस्तक और ‘विकसित भारत 2047’ नामक किताब भेंट की। सिंह के साथ नेटा के उपाध्यक्ष सरदार मनप्रीत सिंह, आरके ठाकुर, दीपक कलिता और आकाश प्रसाद उपस्थित रहे। नेटा प्रमुख सिंह ने कहा कि मुलाकात के दौरान ट्रांसपोर्ट क्षेत्र से जुड़े कुछ विषयों को भी उठाया, मुख्यमंत्री ने उचित ध्यान देने का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले नेटा ने गाड़ियों में भर कर राहत सामग्री भेजी थी। सिंह ने कहा कि संकट की घड़ी में उनका संगठन असम की जनता और सरकार के साथ है। जहाँ भी उन्हें लगेगा सरकार का सहयोग करना चाहिए, वे तत्पर रहेंगे। विदित हो कि असम के शिवसागर, चराईदेऊ सहित कई जिलों और सह जिलों में बाढ़ त्रासदी ने काफी तबाही मचाई है। ऐसे में विविध संगठन और लोग खुलकर मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना सहयोग कर रहे, ताकि बाद पीड़ितों की मदद की जा सके।


