Saturday, April 18, 2026

उत्कृष्टता के 63 वर्ष: केवि.स. स्थापना दिवस, वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का केवि. ओएनजीसी श्रीकोना में भव्य आयोजन 

  • कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संदीप कुमार शर्मा के स्वागत भाषण से हुआ, जिसमें उन्होंने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए केन्द्रीय विद्यालय संगठन की गौरवशाली विरासत एवं विद्यालय की प्रगति पर प्रकाश डाला।

केंद्रीय विद्यालय ओएनजीसी श्रीकोना में केंद्रीय विद्यालय संगठन के 63वें स्थापना दिवस को विद्यालय की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के साथ गरिमामय, उत्साहपूर्ण एवं सामूहिक गौरव के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अश्विनी कुमार वालिया,(एसेटमैनेजर, एएएफबी ओएनजीसी श्रीकोना ) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मोहिंदर वर्मा (सीजीएम) प्रोडक्शन, मनीष चंचल, आई/सी एचआर-ईआर, एएएफबी ओएनजीसी श्रीकोना एवं नामित अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन समिति, मो.नासिर खान, डीजीएम (एचआर), सचिन जोशी, जीएम (एफ एंड ए), दीपक गौर तथा अन्य गणमान्य ओएनजीसी अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय ने अपने सेवानिवृत्त शिक्षकों—श्रीमती उषा किरण कश्यप (से.नि. पीजीटी हिन्दी), श्रीमती कृष्णा कर (से.नि. पीआरटी संगीत),श्रीमती अल्पना सेन(से.नि. पीआरटी संगीत) अनिमेष देब (से.नि. पीआरटी संगीत)—तथा विशिष्ट पूर्व छात्रों मो. आलमगीर लस्कर, (सहायक आयुक्त, श्रीभूमि जिला); डॉ. बंदना कानू, श्रीमती स्वर्णाली, सहायक प्रोफेसर,जी.सी. कॉलेज, सिलचर; एवं डॉ. तीर्थंकर रॉय, (डीएमकार्डियोलॉजी, एसएमसी )को उनकी अमूल्य सेवाओं के लिए स्मरण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संदीप कुमार शर्मा के स्वागत भाषण से हुआ, जिसमें उन्होंने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए केन्द्रीय विद्यालय संगठन की गौरवशाली विरासत एवं विद्यालय की प्रगति पर प्रकाश डाला।

दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ समारोह का विधिवत आरंभ हुआ। प्राचार्य द्वारा केवि.संगठन आयुक्त का संदेश वाचन किया गया। “असतो मासद्गमय” की भावना को सुदृढ़ करते हुए विद्यालय की वार्षिक प्रतिवेदन के अनुरूप एक प्रेरणादायक वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई, जिसके पश्चात समस्त विद्यालय परिवार द्वारा के.वि.स.स्थापना शपथ ली गई। इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारत की एकता में विविधता को दर्शाते हुए मनमोहक संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियाँ हुईं। बिहू नृत्य एवं मणिपुर के लोक नृत्य को विशेष सराहना मिली।

अतिथि मो. नासिर खान द्वारा वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। ध्वजारोहण, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों द्वारा मशाल दौड़, त्रिवर्णी गुब्बारों का विमोचन, खेल शपथ तथा चारों सदनों की अनुशासित मार्च पास्ट ने सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। अंतर-सदन रिले दौड़ एवं रस्साकशी विशेष आकर्षण रहे। खेलकूद प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें खेलकूद,सीसीए तथा क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्राचार्य द्वारा ध्वज अवतरण एवं खेल शिक्षक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन के.वि. छात्रों के लिए प्रेरणादायक एवं उत्साह वर्धक रहा तथा केवि.स. की परिकल्पना के अनुरूप शारीरिक सुदृढ़ता, सौहार्द एवं सर्वांगीण विकास के मूल्यों को सुदृढ़ करता है।

  • चंद्रशेखर ग्वाला 

Popular Articles