- इस अभियान के माध्यम से, कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रतिनिधि अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में पहुंचेंगे और आम लोगों की स्थानीय समस्याओं और ज्वलंत मुद्दों पर गहन चर्चा कर सामने लाने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा, प्राथमिकता के आधार पर आम लोगों की ज्वलंत एवं बुनियादी मांगों को जानने का प्रयास करेंगे।
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ( एपीसीसी ) के अध्यक्ष गौरव गोगोई शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर बराक घाटी आ रहे हैं। बराक घाटी में पार्टी संगठन को मज़बूती प्रदान करने और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए, गौरव गोगोई 26 जुलाई को हैलाकांदी ज़िले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे, जहाँ वे ‘मेरा बूथ मेरी मांग’ से संबंधित पार्टी के कई कार्यक्रमों के साथ-साथ कुछ सामाजिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सजीव राय ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एपीसीसी प्रमुख के निर्देशानुसार, कांग्रेस ने कल ‘मेरा बूथ, मेरी मांग’ के नारे के साथ एक राज्यव्यापी पहल शुरू की है। एपीसीसी अध्यक्ष गोगोई दोपहर को सिलचर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद सड़क के माध्यम से हैलाकांदी जाएंगे। यहां वह हैलाकांदी के जानकी बाजार सीनियर बेसिक एलपी स्कूल,अलगापुर मकताब, ऋषि अरबिंदा एलपी स्कूल, हैलाकांदी, में आयोजित पार्टी कार्यकर्मों में हिस्सा लेंगे।
इसके अलावा नारायणपुर बेसिक चौरंगी तिमाथा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम को कई अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ – साथ रात को हैलाकांदी में रुकने का कार्यक्रम भी है। रविवार को ओल्ड डॉक बांग्ला में पत्रकारों को संबोधित करने के अलावा वरिष्ठ नागरिकों से मिलने का भी कार्यक्रम तय है। संजीव राय ने आगे बताया कि इस अभियान के माध्यम से, कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रतिनिधि अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में पहुंचेंगे और आम लोगों की स्थानीय समस्याओं और ज्वलंत मुद्दों पर गहन चर्चा कर सामने लाने का प्रयास करेंगे।
इसके अलावा, प्राथमिकता के आधार पर आम लोगों की ज्वलंत एवं बुनियादी मांगों को जानने का प्रयास करेंगे। इन मुद्दों और मांगों को असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शुरू की गई आधिकारिक वेबसाइट www.assamjustice.com पर अपलोड किया जाएगा। इसके अलावा, गौरव गोगोई ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों की समस्याओं और गंभीर मुद्दों को सोशल मीडिया के सभी माध्यमों पर #amarboothamardabi और #jujekhonhobo हैशटैग के साथ पोस्ट करें।


