Sunday, September 6, 2026

कछार जिले में 6.57 करोड़ मूल्य के प्रतिबंधित हेरोइन जब्त, पांच गिरफ्तार 

  • असम राइफल्स और कछार पुलिस की अलग – अलग अभियानों में मिली बड़ी सफलता 

कछार जिले में भारी मात्रा में हेरोइन जब्त हुआ है। ड्रग्स तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, असम राइफल्स ने डीआरआई के साथ एक संयुक्त अभियान में कछार जिले में लगभग 5.85 करोड़ मूल्य की हेरोइन बरामद की। जबकि कछार पुलिस ने दो अलग – अलग अभियानों में 1.2 करोड़ मूल्य के 235 ग्राम संदिग्ध हेरोइन जब्त किया है।

  • VIDEO

असम राइफल्स द्वारा प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह अभियान सोनाबारीघाट के पास चलाया गया, जहाँ एक वाहन में ले जाई जा रही नशीले पदार्थों की एक खेप को पकड़ा गया। क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की आवाजाही के बारे में विशेष खुफिया जानकारी मिलने पर, असम राइफल्स की टीम ने तुरंत अभियान शुरू किया। मणिपुर चंदेल जिले के निवासी दो व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया।

परिवहन के लिए इस्तेमाल किए गए वाहन के साथ ही संदिग्धों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि असम राइफल्स पूर्वोत्तर में नशीले पदार्थों की समस्या को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ निरंतर और समन्वित अभियानों के माध्यम से, बल मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने और युवाओं को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खतरों से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं कछार पुलिस ने जिले में दो अलग – अलग अभियान में 1.2 करोड़ मूल्य के 235 ग्राम संदिग्ध हेरोइन जब्त किया है। इस सिलसिले में तीन लोगों की गिरफ़्तारी हुई है। विश्वसनीय सूचना के आधार पर जयपुर थाना अंतर्गत कामरंगा प्रथम खंड में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया गया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसका नाम गुल हुसैन लस्कर (उम्र 38) बताया गया।

वह सोनाई के साधीन बाजार का निवासी है। उसके पास से पुलिस अभियान दल ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में तलाशी के दौरान 10 साबुन की डिब्बियों में 155 ग्राम संदिग्ध हेरोइन और एक मोबाइल जब्त किया। एक अन्य अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सिलचर बाईपास, सोनाबारीघाट में छापेमारी के दौरान दो ड्रग्स तस्करों को दबोचा गया। उनके पास से छह साबुन की डिब्बियों में 80 ग्राम संदिग्ध हेरोइन और दो मोबाइल हैंडसेट बरामद हुआ है।

पकड़े गए लोगों की पहचान सोनाई के धनीपुर के अबिदुल अलीम लस्कर और जाबिर अहमद लस्कर के रूप में हुई है। कछार जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुब्रत कुमार सेन इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। क़ानूनी कार्रवाई शुरू कर दीया गया है।

Popular Articles