Saturday, April 18, 2026

जनप्रिय गायक जुबिन गर्ग के निधन पर दुख प्रकट करते हुए लायंस क्लब ऑफ सिलचर वैली व्यू और कछार हिंदी भाषी छात्र परिषद ने दी श्रद्धांजलि

  • कविता पाठ का आयोजन 

लायंस क्लब ऑफ सिलचर वैली व्यू और कछार हिंदी भाषी छात्र परिषद ने जनप्रिय गायक के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए हिंदी दिवस समारोह सीमित लोगों के बीच बहुत ही सादे रूप से मनाया। सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिया।

आयोजन प्रमुख संजीव राय और वंदिता त्रिवेदी राय ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि स्थानीय पेंशनर्स भवन, सिलचर में  हिंदी दिवस समारोह आयोजित करने की योजना बनाई थी। लेकिन महान गायक जुबिन गर्ग के आकस्मिक निधन के कारण, जिन्होंने पूरे पूर्वोत्तर भारत और भारत का दिल जीत लिया था, पूरे कार्यक्रम को जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि स्वरुप समर्पित कर दिया गया। सभी मनोरंजन कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रदर्शन रद्द कर दिए गए ।

उपरोक्त दोनों संगठन एक साथ आए और स्वर्गीय जुबिन गर्ग के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। हिंदी दिवस के अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ संतोष चतुर्वेदी द्वारा केवल एक परिचयात्मक भाषण दिया गया। इसके बाद एक चर्चा सत्र हुआ जिसमें सिलचर वैली व्यू की अध्यक्ष वंदिता त्रिवेदी रॉय, अमित ग्वाला, साधु गौड़, मीनारा लस्कर, सजल कांति दास, संजीव रॉय, मदन मोहन कोइरी और अन्य ने संक्षिप्त वक्तव्य रखा।

महान गायक के जीवन और असम से लेकर टॉलीवुड और बॉलीवुड तक उनकी अपार सफलता की कहानी को विस्तार से साझा किया। बराक घाटी की कवयित्री श्रीमती मधु पारेख, युवा कवि चंद्रकुमार ग्वाला, पुष्पावती रॉय ने दिवंगत कलाकार को श्रद्धांजलि देते हुए कविताएं सुनाईं। बराक घाटी की प्रसिद्ध कलाकार सुष्मिता होम चौधरी ने दिवंगत आत्मा की स्मृति में एक असमिया गीत प्रस्तुत किया।

पिंकी सिंह दास ने भी जुबिन गर्ग को समर्पित एक गीत, बिना किसी वाद्य यंत्र के, प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिसमें देबाश्री चौधरी, शिल्पा दत्त नूनिया, साहब उद्दीन अहमद, चंदन ग्वाला आदि शामिल थे। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक मिनट के मौन के साथ समारोह का समापन हुआ।

Popular Articles