- मेघालय के पश्चिमी गारो हिल्स में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास दबोचे गए
बीएसएफ ने मेघालय के पश्चिमी गारो हिल्स में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ के एक बड़े प्रयास को विफल किया। बीएसएफ के मेघालय फ्रंटियर के अंतर्गत तैनात जवानों ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास 26 बांग्लादेशी नागरिकों और 4 भारतीय दलालों को गिरफ्तार किया। एक विशेष इनपुट के आधार पर अभियान चलाया गया।
बीएसएफ के 22वीं वाहिनी सतर्क जवानों ने हिल रोड पर माचोकपारा में पुरखासिया की ओर से राज्य राजमार्ग-12 (एसएच-12) पर बारेंगापारा की ओर जा रहे तीन वाहनों को देखा। अभियान टीम ने तुरंत कार्रवाई की और लक्षित वाहनों को रोक लिया। बाद में सत्यापन से पता चला कि 26 बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में घुसपैठ करने के प्रयास में चार भारतीय दलालों द्वारा मदद की जा रही थी।
सतर्क बीएसएफ कर्मियों ने इसमें शामिल सभी व्यक्तियों को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। बीएसएफ की सटीक खुफिया सूचनाओं पर आधारित यह सफल अभियान, राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा में बीएसएफ मेघालय की अटूट सतर्कता, परिचालन दक्षता और समर्पण का प्रमाण है। यह अभियान सीमा पार अपराधों से निपटने और भारत-बांग्लादेश सीमा पर अवैध घुसपैठ के प्रयासों को विफल करने में बीएसएफ की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।


