Sunday, September 6, 2026

मायुमं, सिलचर समेत अन्य संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य साइक्लोथॉन रैली का आयोजन 

  • भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के 100वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किया गया 

रविवार 7 सितंबर 2025 को मारवाड़ी युवा मंच, मारवाड़ी युवा मंच सिलचर टाइटन्स, सिलचर समृद्धि, सिलचर उदय, रोटरी क्लब ग्रीनलैंड सिलचर, रोटरी क्लब ग्रेटर सिलचर एवं एडवेंचर क्लब एनआईटी सिलचर के संयुक्त तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के 100वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य साइक्लोथॉन रैली का आयोजन किया गया।

यह रैली एनआईटी सिलचर से प्रारंभ होकर डीएसए सिलचर तक सम्पन्न हुई। लगभग 9 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। प्रतिकूल मौसम के बावजूद प्रतिभागियों का जोश देखते ही बनता था। रैली का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं फ्लैग-ऑफ के साथ हुआ, जिसे पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच मंडल-I के उपाध्यक्ष हरीश काबरा, एनआईटी सिलचर के डीन (Student Welfare) प्रो. सिद्धार्थ एस. धर, सिलचर शाखा अध्यक्ष विवेक जैन, सिलचर टाइटन्स अध्यक्ष अमित बरडिया, समृद्धि अध्यक्षा श्रीमती कविता लूणावत तथा उदय शाखा अध्यक्ष प्रतीक सांड ने संयुक्त रूप से किया।

युवा शक्ति राष्ट्र शक्ति की गूंज के साथ रैली की शुरुआत हुई। प्रतिभागियों के लिए मार्ग में पेयजल, जूस एवं अल्पाहार की उत्तम व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के समापन पर डीएसए सिलचर में विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि डीएसए प्रेसिडेंट सीए शिबब्रत दत्ता रहे। उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच की इस खेल पहल की सराहना की और भविष्य में डीएसए के साथ मिलकर अन्य खेल आयोजनों की भी अपील की।

कार्यक्रम में समृद्धि शाखा की सदस्य सोना शर्मा द्वारा बच्चों की एक सुंदर नाट्य प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें मोबाइल फोन का अति-प्रयोग न करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब ग्रीनलैंड सिलचर अध्यक्ष रोटेरियन इशांत पटवा एवं रोटरी क्लब ग्रेटर सिलचर के रोटेरियन सोमाज्योति विश्वास ने कार्यक्रम की प्रशंसा की। साथ ही पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच मंडल-I के उपाध्यक्ष श्री हरीश काबरा, कार्यकारिणी सदस्य धीरज जैन, मंडल के स्थायी आमंत्रित सदस्य ललित बोथरा तथा सह – सचिव युवा मंदाक्ष गुलगुलिया ने भी अपने विचार रखे।

इस आयोजन में हमारे पोषक सदस्य महावीर बेद ने पूरे 9 किलोमीटर का साइक्लोथॉन पूर्ण किया। शाखा सचिव विशाल सांड ने आयोजन की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग दिया, हालांकि पारिवारिक कारणवश वे उपस्थित नहीं हो पाए। कार्यक्रम में शाखा उपाध्यक्ष अजय सरावगी, श्री वीरेन श्यामसुखा, सतीश काबरा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। साइक्लोथॉन का उद्देश्य केवल साइकिल चलाना नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश देना है। यह आयोजन हमें फिटनेस की ओर प्रेरित करता है, प्रदूषण कम करने का मार्ग दिखाता है और समाज को एकजुट करने का माध्यम बनता है। आइए, हम सब मिलकर साइक्लोथॉन के इस संदेश को अपने जीवन में उतारें।

Popular Articles