- विविध गणमान्य व्यक्तियों की रही उपस्थिति
मारवाड़ी सम्मेलन, सिलचर शाखा द्वारा सत्र 2025–26 के अंतर्गत प्रोफेशनल डिग्री होल्डर्स सम्मान अभियान का शुभारंभ बुधवार, 1 जुलाई 2026 को मनोरंजन कॉम्प्लेक्स, सदरघाट, सिलचर में गरिमामय वातावरण में किया गया।
इस सम्मान अभियान की प्रथम कड़ी में डॉ. भावना बरडिया (Ph.D.), सुपुत्री श्री जय कुमार बरडिया एवं धर्मपत्नी श्री पवन दूधेरिया (गुवाहाटी), को उनकी उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि के लिए मारवाड़ी सम्मेलन, सिलचर शाखा द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री मूलचंद बेद, सिलचर शाखा अध्यक्ष श्री जय कुमार बरडिया, उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र जिंदल, वरिष्ठ सदस्य श्री हनुमान जैन तथा महिला शाखा की मंत्री श्रीमती हीरा अग्रवाल सहित उपस्थित वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के प्रतिभाशाली प्रोफेशनल्स का सम्मान करना सम्मेलन की गौरवशाली परंपरा है। ऐसे सम्मान समारोह युवाओं को उच्च शिक्षा एवं उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं तथा समाज में शिक्षा, प्रतिभा और उत्कृष्टता के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ बनाते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. भावना बरडिया को उत्तरीय, स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ दी गईं। साथ ही उनके पिता श्री जय कुमार बरडिया एवं पति श्री पवन दूधेरिया को भी उनके सतत सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत श्री पवन दूधेरिया (गुवाहाटी) के सौजन्य से उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन किया गया।
मारवाड़ी सम्मेलन, सिलचर शाखा के मंत्री श्री प्रकाश चन्द सुराना ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करने वाले प्रोफेशनल डिग्री होल्डर्स को सम्मानित करने का यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा।

