Monday, September 7, 2026

रेल सेवा शुरू, पूसी. रेलवे ने रिकॉर्ड समय में लामडिंग – बदरपुर हिल सेक्शन मार्ग को किया बहाल

  • एक सप्ताह से भी कम समय में रेल यातायात फिर से शुरू

दक्षिण असम की बराक घाटी, दिमा हसाओ, मिजोरम, त्रिपुरा वासियों के लिए सबसे अच्छी खबर यह है कि रेल सेवा प्रारंभ हो गया। रेल के माध्यम से आवाजाही कर पाएंगे।

NEWS VIDEO

 

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसी. रेलवे) ने लामडिंग – बदरपुर हिल सेक्शन के जाटिंगा लामपुर – न्यू हाफलांग खंड के प्रभावित हिस्से (कि.मी. 108/6-8) पर ट्रेन सेवाओं की बहाली की घोषणा की है।

आज, 29 जून 2025 से, दोपहर 12:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक सीमित ट्रेन संचालन की अनुमति दी गई है, जबकि पूर्ण रूप से ट्रेन सेवाएं सोमवार, 30 जून, यानी आगामी कल से फिर से शुरू होंगी। लामडिंग – बदरपुर हिल सेक्शन की सफल बहाली के बाद, पहले से प्रभावित सेक्शन पर अब ट्रेन सेवाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। । पहली खाली मालगाड़ी इस सेक्शन से होकर गुजरी और 10:21 बजे न्यू हारांगाजाओ से प्रस्थान किया, जिससे यातायात की पुनः: शुरुआत हुई।

ट्रेन संख्या 13175 सियालदह – सिलचर कंचनजंगा एक्सप्रेस, जिसने अपनी यात्रा 28 जून 2025 को शुरू की थी, बहाल किए गए सेक्शन से बिना किसी बाधा के गुजरने वाली पहली यात्री ट्रेन बनी। इसके बाद ट्रेन संख्या 13174 सबरूम – सियालदह कंचनजंगा एक्सप्रेस ने भी अपने मूल मार्ग पर निर्बाध रूप से चलने लगी। इसके अतिरिक्त, रंगिया से एक विशेष राहत ट्रेन सफलतापूर्वक चली और प्रभावित हिस्से को पार करते हुए अगरतला की ओर गई, जिससे फंसे हुए यात्रियों की आवाजाही संभव हुई और क्षेत्र की महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी बहाल हुई।

लगातार भारी बारिश के कारण, किलोमीटर 108/6-8 के बीच का खंड कई भूस्खलनों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यात्री और मालगाड़ी दोनों ही सेवाएं बाधित हुईं। स्थिति का पूरी तरह से आकलन करने और बहाली के प्रयासों की निगरानी करने के लिए, पू. सी. रेलवे के महाप्रबंधक श्री चेतन कुमार श्रीवास्तव ने व्यक्तिगत रूप से साइट का दौरा किया, चल रहे काम की समीक्षा की और साइट पर फील्ड टीम को प्रेरित किया।

उनके मार्गदर्शन में, अधिकतम जनशक्ति और उपकरणों को तैनात किया गया और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की टीम ने मलबा हटाने और ट्रैक को बहाल करने के लिए दिन- रात अथक प्रयास किया। उनके अथक प्रयासों ने इस महत्वपूर्ण पहाड़ी खंड में ट्रेन सेवाओं की सुरक्षित और सुचारू बहाली सुनिश्चित की। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे सेवा बाधित होने की इस अवधि के दौरान यात्रियों और आम जनता के धैर्य और समझदारी की सराहना करता है।

यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा और ट्रेन सेवा की नवीनतम जानकारी के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के आधिकारिक संचार चैनलों के माध्यम से अपडेट रहें। पूसी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। रेल सेवा शुरू होने से जनता को गुवाहाटी एवं उसके आगे जाने में सहज हो गया। पांच दिन पहले जाटिंगा – लामपुर में भूस्खलन की वजह से रेल संचालन बंद हो गया था।

Popular Articles