- गरीब और जरूरतमंद लोगों को कंबल एवं वस्त्र प्रदान किए गए
सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों की प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए हिंदीभाषी समन्वय मंच, सिलचर द्वारा इस वर्ष भी सर्दियों के मद्देनजर जरूरतमंद परिवारों के लिए कंबल एवं पुराने उपयोगी वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंच पिछले कई वर्षों से बराक घाटी के विभिन्न चाय बागानों, दुर्गम अंचलों और पिछड़े समुदायों के बीच इस प्रकार की लोकसेवा गतिविधियां निरंतर संचालित करता आ रहा है।
गत रविवार को आयोजित इस वर्ष के वितरण कार्यक्रम में खरील चाय बागान तथा मासिमपुर ग्रांट के कुछ क्षेत्रों के गरीब और जरूरतमंद लोगों को कंबल एवं वस्त्र प्रदान किए गए। कड़ाके की ठंड से पहले पहुँची यह सहायता स्थानीय निवासियों के लिए राहत और खुशी का कारण बनी। कार्यक्रम में मंच के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता—दिलीप कुमार, डॉ. रीता सिंह, राजन कुंवर, श्रीमती सीमा कुमार, राजू वर्मा, राजकमल गिरि, विश्वजीत अधिकारी, सुभाष चंद, अग्रता, जीवन ग्वाला, और बाबुल बाउरी सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
सभी ने मिलकर वितरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कंबल वितरण कार्यक्रम का संयोजन मंच के सक्रिय पदाधिकारी राजन कुंवर ने किया, जबकि स्थानीय स्तर पर सहयोग और समन्वय की अहम जिम्मेदारी चंद्रशेखर ग्वाला ने निभाई। दोनों के प्रयासों से पूरा कार्यक्रम गरिमापूर्ण, अनुशासित और अत्यंत सफल रहा। हिंदीभाषी समन्वय मंच के सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार की जनसेवा गतिविधियाँ और अधिक क्षेत्रों तक पहुंचेगी, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता और संवेदना का संदेश पहुंच सके।
चंद्रशेखर ग्वाला


