Wednesday, April 23, 2025

पंचायत चुनाव : प्रचार अभियान में भाजपा ने झोंकी ताकत, डोलू चाय बागान में मंत्री कौशिक राय ने किया प्रचार 

Photo

पंचायत चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने पूरा जोर लगा दिया है। बराक घाटी में राज्य के दो मंत्री कौशिक राय और कृष्णेंदु पाल सहित पार्टी के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को प्रचार की बागडोर सौंप दी गई है। पार्टी टिकट से चुनाव लड़ रहे जिला परिषद सदस्य और आंचलिक पंचायत सदस्य के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार अभियान को तेज कर दिया गया है।

इस बीच आगामी 26 अप्रैल को पार्टी के स्टार प्रचारक तथा राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा बराक घाटी दौरे पर आने वाले है। मुख्यमंत्री बराक घाटी में कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा तैयारियों में जुटी हुई है। फिलहाल राज्य के मंत्री कौशिक राय ने बुधवार को कई क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया। डोलू – बड़खोला में पार्टी के जिला परिषद सदस्य उम्मीदवार कंकन नारायण सिकदर के लिए प्रचार किया। डोलू चाय बागान के नाचघर में आयोजित विजय संकल्प समावेश को संबोधित करते हुए मंत्री कौशिक राय ने मतदाताओं से कमल खिलाने की अपील की।

मंत्री कौशिक राय ने अपने संबोधन में कहा कि, वर्तमान सरकार ने चाय बागानों के मजदूरों एवं चाय जनजातियों के विकास एवं बेहतरी के लिए कई क्रांतिकारी पहल की है। कांग्रेस की जमकर बखिया उधेड़ी और कहा कि कांग्रेस शासनकाल में समस्याओं की भरमार थी, चहुंओर भ्रष्टाचार और कुशासन से जनता त्रस्त थी। भाजपा सरकार आने के बाद सुशासन व्यवस्था से प्रगति में तेजी आया। लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया। विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर जनता उठा रही। बिना घुसपताई के रोजगार मिल रहे।

केंद्र में नरेंद्र मोदी और राज्य में डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की सरकार में समृद्धशाली असम के सपने को सार्थक किया जा रहा। डोलू-बड़खोला जिला परिषद सदस्य उम्मीदवार कंकन नारायण सिकदार, राज्य के एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष अमलेंदु दास, असम राज्य भाजपा सचिव कनाद पुरकायस्थ, विजेंद्र प्रसाद सिंह,चंदन शर्मा उपस्थित रहे।

आज के इस चुनावी सभा में क्षेत्र के नौ गांव पंचायतों के आंचलिक पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवारों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। स्थानीय झुमुर कलाकारों ने राम मंदिर निर्माण पर एक झुमुर गीत की प्रस्तुती दी। कंकन नारायण ने अपने संबोधन में कहा कि बड़खोला क्षेत्र के कांग्रेस विधायक मिस्बाहुल इस्लाम लस्कर ने कुछ काम नहीं किए। भाजपा की जीत पक्की होना बताया।

योगेश दुबे / चंद्रशेखर ग्वाला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles