- पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे मलबा को हटाने और जल्द से जल्द ट्रैक को बहाल करने के लिए घटनास्थल पर बड़ी मशीनरी, उपकरण और मानवशक्ति तैनात कर चौबीसों घंटे काम कर रहा
हाल ही में लामडिंग – बदरपुर हिल सेक्शन में भूस्खलन की घटना के कारण रेल सेवाओं में व्यवधान उत्पन्न हुई है। इस स्थिति से निपटने और रेल यातायात को शीघ्र बहाल करने के लिए रेलवे और राज्य प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

स्थिति की समीक्षा और तत्काल समाधान तैयार करने के लिए एक उच्च स्तरीय आपातकालीन बैठक बुलाई गई, जिसमें पू. सी. रेलवे, राज्य सरकार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। यात्रियों और रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन परिचालन को बंद करना पड़ा। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे मलबा को हटाने और जल्द से जल्द ट्रैक को बहाल करने के लिए घटनास्थल पर बड़ी मशीनरी, उपकरण और मानवशक्ति तैनात कर चौबीसों घंटे काम कर रहा है।
निरंतर संयुक्त निगरानी और समन्वित प्रयास जारी हैं और उम्मीद है कि जैसे ही रेल पटरियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो जाएगी, ट्रेन सेवाएं पुनः सामान्य हो जाएंगी। जब तक सेवाएं बहाल नहीं हो जाती, यात्रियों की सुरक्षा के लिए कुछ ट्रेनों को रद्द/आंशिक रद्द करने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे ट्रेनों की आवाजाही और सेवाओं की बहाली संबंधी अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक रेलवे संचार चैनलों के माध्यम से अपडेट रहें।
रद्द ट्रेनें:
- 24 जून, 2025 को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 15611 (रंगिया – सिलचर) एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15612 (सिलचर – रंगिया) एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 15615 (गुवाहाटी – सिलचर) एक्सप्रेस।
- 25 जून, 2025 को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 15616 (सिलचर – गुवाहाटी) एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15888/15887 (गुवाहाटी – बदरपुर- गुवाहाटी) टूरिस्ट एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 22450 (नई दिल्ली – गुवाहाटी) पीएसके एक्सप्रेस।
- 27 जून, 2025 को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 12503 (एसएमवीटी बेंगलुरु – अगरतला) हमसफर एक्सप्रेस।
आंशिक रद्द रहने वाली ट्रेनें:
- 23 जून, 2025 को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 15625 (देवघर-अगरतला) एक्सप्रेस का संक्षिप्त गंतव्य लामडिंग में होगा और लामडिंग एवं अगरतला के बीच आंशिक रद्द रहेगी।
- 24 जून, 2025 को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 13173 (सियालदह-सबरूम) कंचनजंगा एक्सप्रेस का संक्षिप्त गंतव्य लामडिंग में होगा और लामडिंग एवं सबरूम के बीच आंशिक रद्द रहेगी।
- 24 जून, 2025 को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 12516 (सिलचर-कोयंबत्तूर) एक्सप्रेस गुवाहाटी से खुलेगी और सिलचर एवं गुवाहाटी के बीच आंशिक रद्द रहेगी।
- 25 जून, 2025 को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 13176 (सिलचर-सियालदह) कंचनजंगा एक्सप्रेस लामडिंग से खुलेगी और सिलचर एवं लामडिंग के बीच आंशिक रद्द रहेगी।
- 25 जून, 2025 को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 12502 (अगरतला-कोलकाता) गरीब रथ एक्सप्रेस गुवाहाटी से खुलेगी और अगरतला एवं गुवाहाटी के बीच आंशिक रद्द रहेगी।
प्राथमिक अनुमान के अनुसार, लगभग 50,000 घन मीटर मलबा और पत्थर रेलवे की रिटेनिंग वॉल की ओर गिर गया है। पटरियों की मरम्मत का कार्य आरंभ करने के लिए कम से कम 30,000 घन मीटर मलबा हटाना आवश्यक है। रेलवे की टीमें दिन-रात युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं और लामडिंग मंडल तथा मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी बहाली कार्य की निगरानी और समन्वय बनाए रखने के लिए उक्त स्थल पर कैंप कर रहे हैं।
रेल प्रशासन यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करता है और यह आश्वस्त करता है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए रेल परिचालन को शीघ्र बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे आधिकारिक रेलवे वेबसाइटों, हेल्पलाइनों और सोशल मीडिया हैंडलों के माध्यम से ट्रेन सेवाओं के बारे में नवीनतम अपडेट देखें। पूसी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी।


