- जुबीन गर्ग को दी गई श्रद्धांजलि
हिंदीभाषी समन्वय मंच, सिलचर ने हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया। स्थानीय विमेंस कॉलेज के सभागार में आयोजित समारोह की शुरुआत मंच पर चाय उद्योग के विशिष्ट व्यक्तित्व कमलेश सिंह, ज्योतिषाचार्य पंडित आनंद शास्त्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता अवधेश कुमार सिंह, राजभाषा अधिकारी सुरेंद्र उपाध्याय व श्रीमती फूलमती कलवार की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन से हुआ। शिव कुमार ने स्वागत गीत गया।

मंचासीन अतिथियों को उत्तरीय प्रदान कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। उपरोक्त संगठन के महासचिव दिलीप कुमार ने अपने प्रास्ताविक वक्तव्य में हिंदीभाषी समन्वय मंच के 16 वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डाला तथा संगठन के गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। मंचासीन अतिथियों ने अपने वक्तव्य में हिंदी दिवस समारोह एवं हिंदी भाषा की प्रचार – प्रसार पर जोर दिया। विश्व में हिंदी की स्वीकार्यता एवं उसकी अनिवार्यता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान हिंदी सेवा, समाज सेवा और राजभाषा अनुपालन के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले तीन विभूतियों को सम्मानित किया गया। स्वर्गीय छेदीलाल दुबे को मरणोपरांत हिंदी सेवा सम्मान प्रदान किया गया, जिसे उनके पुत्र ओमप्रकाश दुबे ने ग्रहण किया। समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्रीमती नीरू शर्मा को सम्मानित किया गया। राजभाषा के क्षेत्र में समर्पित भाव से जुटे सिलचर दूरदर्शन केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी चंदन घोष को राजभाषा अनुपालन सम्मान प्रदान किया गया।
हिंदी सेवी राजन कुँवर और पत्रकार जवाहरलाल पांडेय ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। जबकि कवि सम्मेलन का संचालन कवि मनीष पांडेय ने किया। कवि सम्मेलन में आचार्य आनंद शास्त्री, श्रीमती डॉली शाह, अनूप पटवा, जयप्रकाश ग्वाला, मनीषा देव और मनीष पांडेय ने शमा बांधी। आयोजन समिति द्वारा कवियों को उत्तरीय, डायरी, कलम और पुस्तक भेंट की गई। बालार्क प्रकाशन की ओर से राजू वर्मा तथा हिंदी भाषा के लिए सदैव समर्पित राजन कुंवर ने कवियों और अन्य अतिथियों के बीच पुस्तक भेंट की।
विदित हो कि कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुआ, प्रथम सत्र संतोष पटवा और द्वितीय सत्र की अध्यक्षता आचार्य आनंद शास्त्री ने संभाली। मंच की उपाध्यक्ष डॉ. रीता सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में समापन से पूर्व लोकप्रिय असमिया गायक जुबीन गर्ग के असामयिक निधन पर मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
नवगठित कार्यकारिणी में अध्यक्ष श्रीमती फूलमती कलवार, कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रमा प्रसाद कोइरी, उपाध्यक्ष राम नारायण नोनिया, रूपनारायण राय व डॉक्टर रीता सिंह यादव, महासचिव दिलीप कुमार, सहसचिव दीपक प्रजापति व श्याम सुंदर रविदास, कोषाध्यक्ष राजन कुंवर, संगठन मंत्री प्रमोद कुमार साह, सह – संगठन मंत्री राजू वर्मा, सांस्कृतिक मंत्री श्रीमती सुनीता कोइरी, सह – सांस्कृतिक मंत्री शिवकुमार, क्रीडा मंत्री किशन माला, प्रचार सचिव जवाहरलाल पांडेय, सह – प्रचार सचिव चंद्रशेखर ग्वाला व रितेश नुनिया शामिल है।
कार्यक्रम में प्रमुख व्यक्तियों में आएनाखाल चाय बागान के राजेंद्र पांडेय व सियाराम चौहान, शांतिलाल डागा, प्रमोद शर्मा, पंडित रामेश्वर शास्त्री, श्रीमती गीता पांडेय,,श्रीमती उमा नूनिया, श्रीमती जनक नंदिनी नुनिया, श्रीमती सीमा कुमार, श्रीमती सुतपा चक्रवर्ती, रामकुमार नुनिया, राहुल नुनिया इत्यादि की मौजूदगी रही।


