डॉक्टर की निर्मम हत्या के बाद भी असली दोषियों को सजा क्यों नहीं मिल रही, उठाया प्रश्न
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से कथित दुष्कर्म व हत्या के विरोध में शिलचर में भी जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल किया। महिला डॉक्टर की हत्या के लिए न्याय की मांग करते हुए विरोध दर्ज कराया। यह सुनिश्चित करने की मांग की कि देश में किसी भी महिला के साथ ऐसी घटना न हो।
शिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन ने धरना दिया। शनिवार को सुबह से दोपहर दो बजे तक एसएमसीएच आउटडोर के सामने धरना दिया। इस धरने में जूनियर-सीनियर डॉक्टर समेत प्रशिक्षु नर्सें शामिल हुई। धरने के दौरान सीनियर्स मरीजों की देखभाल करते नजर आए, ताकि मेडिकल कॉलेज में आने वाले किसी भी मरीज को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में कोई दिक्कत न हो।
आंदोलनरत जूनियर डॉक्टरों ने सवाल उठाया कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर की निर्मम हत्या के बाद भी असली दोषियों को सजा क्यों नहीं मिल रही है। उल्लेखनीय है कि कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के मामले में कोलकाता और दिल्ली से लेकर देश के विभिन्न शहरों में डॉक्टरों की हड़ताल और प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। शिलचर में एसएमसीएच और सिविल अस्पताल सहित विभिन्न संगठनों ने विरोध दर्ज कराया।


