- अध्यक्ष धनराज सुराना की अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष जय लाल बरडिया ने तिरंगा फहराया एवं उपस्थित सदस्यों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
सिलचर: मारवाड़ी सम्मेलन, सिलचर एवम् महिला शाखा द्वारा देश का 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर संगठन द्वारा सुबह से लेकर रात्रि तक विभिन्न सामाजिक सेवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6:30 बजे शिलांगपटी स्थित विप्लवी उल्लासकर दत्त की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात प्रातः 7:30 बजे मारवाड़ी सम्मेलन ऑफिस सम्मुख ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। अध्यक्ष धनराज सुराना की अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष जय लाल बरडिया ने तिरंगा फहराया एवं उपस्थित सदस्यों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

धोज्य रोहन कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष पवन जैन, शाखा मंत्री प्रकाश चंद सुराना, महिला शाखा अध्यक्ष श्रीमती सुंदरी पटवा, मंत्री श्रीमती हीरा अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच सिलचर टाइटंस के मंत्री श्रीमती सोनम जैन, सलाहकार श्री विजय कुमार सांड, सहमंत्री पारस बरडिया, श्री चयन दफ्तरी, प्रकाश राठी एवं नवरतन चोपड़ा,राजकुमार जैन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इसके बाद सम्मेलन के सदस्यों ने सरकारी परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में भाग लिया। वहीं आमजन हेतु सम्मेलन द्वारा चाय-पानी सेवा स्टॉल लगाया गया, जिसका विधिवत उद्घाटन किया गया। सेवा कार्यों की कड़ी में प्रातः 11:30 बजे ‘एरा आमदेर विकलांग संस्था’ में जाकर विशेष बच्चों के बीच फल एवं खाद्य सामग्री का वितरण भी किया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर पहली बार जानीगंज क्षेत्र में रात्रि 7:00 बजे एक भव्य देशभक्ति सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीतों एवं प्रस्तुतियों से सजी इस संध्या ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में सांसद श्री परिमल शुक्लवैद्य ने भी उपस्थिति दर्ज कराई तथा संगठन के प्रयासों की सराहना की।
शाखा मंत्री श्री प्रकाश चंद सुराना ने सभी कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया।


