Monday, September 7, 2026

नवनियुक्त सिलचर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सजल आचार्यजी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत, पदभार संभाला

  • कहा, सिलचर के सांसद और विधायक में रीढ़विहीन मुख्यमंत्री के सामने बोलने की हिम्मत नहीं

नवनियुक्त कांग्रेस सिलचर जिला अध्यक्ष सजल आचार्यजी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। गुरुवार को जिला कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाए। सजल आचार्य ने शहीद बेदी, इंदिरा गांधी और पार्टी  के पूर्व नेता स्व. कर्णेंदु भट्टाचार्य की प्रतिमाओं पर फूल-मालाएं अर्पित कीं।

इसके बाद नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला। मीडिया से रूबरू होते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि अगले चुनाव से पहले पार्टी बूथ कमेटी और मंडल कमेटी को कैसे मजबूत किया जाए और लोगों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि आगामी सिलचर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी हर वार्ड में बड़े अंतर से जीत हासिल करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में सभी कांग्रेस नेता गौरव गोगोई को असम के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। जाति, धर्म और वर्ण से ऊपर उठकर सभी लोग पार्टी के लिए एकजुट होंगे। जिला अध्यक्ष सजल आचार्यजी ने कहा कि सिलचर के सांसद और विधायक में रीढ़विहीन मुख्यमंत्री के सामने बोलने की हिम्मत नहीं है। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा पर जमकर हमले किए।

इस मौके पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हाफिज रशीद अहमद चौधरी, महासचिव अमीनुल हक लस्कर, पूर्व जिला अध्यक्ष अभिजीत पाल, पूर्व मंत्री अजीत सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष तमाल बानिक, सूर्यकांत सरकार, विधायक खलील उद्दीन मजूमदार, विधायक मिस्बाउल इस्लाम लस्कर, अंसार हुसैन बरलस्कर, एनएसयूआई, सेवादल, महिला कांग्रेस सहित अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Popular Articles