- कार्यक्रम का आयोजन बलिदानी मंगल पांडेय स्मृति न्यास, सिलचर द्वारा किया गया
सिलचर में ‘बलिदानी मंगल पांडेय स्मृति पुरस्कार’ समारोह, आयोजित हुआ। इस अवसर पर 16 हस्तियों को सम्मानित किया गया । देश के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी अमर बलिदानी मंगल पांडेय की पुण्यतिथि के अवसर पर विमेंस कॉलेज, सिलचर सभागार में आयोजित समारोह में बराक घाटी के 16 विशिष्ट व्यक्तियों को ‘बलिदानी मंगल पांडेय स्मृति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन बलिदानी मंगल पांडेय स्मृति न्यास, शिलचर द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत घुंघूर बाईपास स्थित मंगल पांडेय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विमेंस कॉलेज, शिलचर के सभागार में मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जहां दीप प्रज्वलन, अतिथियों का सम्मान और अन्य औपचारिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। मंचासीन अतिथियों में आचार्य आनंद शास्त्री, न्यास के सभापति कमलेश सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी महावीर जैन, सीआरपीएफ के डीआईजी यूपी सिंह, विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय सभापति शांतनु नायक, विमेंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुजीत तिवारी, न्यास के मसचिव दिलीप कुमार, डॉ. अमित कलवार तथा शिलचर प्रेस क्लब के सचिव शंकर दे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाज, शिक्षा, साहित्य और सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 16 लोगों को सम्मानित किया गया। प्रमुख सम्मानितों में कृपा नारायण राय, सूर्य कुमार शर्मा, बिधान चंद्र भट्टाचार्य, मुरलीधर कानू, डॉ. सुजीत तिवारी, राजेंद्र पांडेय, शांतनु नायक, सुरेंद्र वैद, चंद्रमा प्रसाद कोईरी, पंडित सीताराम गोस्वामी, दिवाकर राय, विवेकानंद देव पुरकायस्थ, शुभंकर भट्टाचार्य और संजीव सिंह शामिल रहे। वहीं मरणोपरांत राजीव नोनिया और श्याम सुंदर दुसाध को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने मंगल पांडेय के अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


