Photo
असम विधानसभा में हुए हंगामे के बाद मंत्री पीयूष हजारिका ने कांग्रेस विधायक के कथित हमले की निंदा की। सोमवार को सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक नूरुल हुदा ने विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. नुमाल मोमिन पर सदन के बाहर हमला किया। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया और हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद मंत्री हजारिका ने विधानसभा उपाध्यक्ष पर कथित हमले की निंदा की और इसे भारत के मूल्यों के खिलाफ बताया।
मंत्री हजारिका ने लिखा “कांग्रेस विधायक नूरुल हुदा का माननीय उपाध्यक्ष, डॉ. मोमिन पर शारीरिक हमला न केवल निंदनीय कृत्य है, बल्कि यह विधानसभा और संविधान का भी सीधा अपमान है। असम विधानसभा लोकतंत्र का पवित्र स्थान है, जहां इस तरह का असंवैधानिक व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है। इस तरह की हरकतें असम और भारत के सच्चे मूल्यों के खिलाफ हैं। शर्मनाक!” कांग्रेस विधायकों ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के विधायक रूपज्योति कुर्मी के खिलाफ विरोध जताने के लिए काले कपड़े पहनकर असम विधानसभा में भाग लिया।
कुर्मी ने पिछले सप्ताह सदन के अंदर विपक्षी विधायकों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था और उन पर हमला करने की कोशिश की थी। बैठक शुरू होने से पहले, कांग्रेस विधायकों ने कुर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विधानसभा भवन में सदन के अध्यक्ष के कक्ष के बाहर धरना दिया। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने प्रश्नकाल के बीच में कहा, “मुझे मोमिन की ओर से व्हाट्सएप पर सूचना मिली कि नूरुल हुदा ने उन पर हमला किया है और अब वह अस्पताल में भर्ती हैं। मैं अध्यक्ष से अनुरोध करता हूं कि वह पुलिस में मामला दर्ज कराएं क्योंकि यह सदन के बाहर हुआ है। पुलिस मामले की जांच करेगी।”
इससे कुछ क्षण पहले, मोमिन सदन के अंदर बैठकर सत्र में भाग लेते देखे गए। कुछ समय बाद वह सदन से चले गए। विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से मामले की जांच करने को कहा है। मुख्यमंत्री के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष देवव्रत सैकिया ने पुलिस में मामला दर्ज करने के बजाय सदन की समिति से मामले की जांच कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बताया जा रहा है कि यह घटना विधानसभा भवन के अंदर हुई थी। कांग्रेस, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) समेत विपक्षी दलों के सदस्य सदन के आसन के करीब आए और मोमिन पर कथित हमले के संबंध में कुर्मी और सत्तारूढ़ पार्टी के बयान का विरोध किया।
डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में सत्ता पक्ष ने भी नारेबाजी करते हुए जवाब दिया और कहा कि एक आदिवासी व्यक्ति डॉ. मोमिन पर विपक्ष ने हमला किया था। किसी भी पक्ष के नरम न पड़ने पर, दैमारी ने कहा कि उन्होंने विधानसभा सचिव से डॉ. मोमिन की स्थिति के बारे में पता करने को कहा है। इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। मंत्री कौशिक राय कहा कि असम विधानसभा के पवित्र परिसर में घटी इस घटना से वह बेहद शर्मिंदा हैं। कांग्रेस विधायक द्वारा असम विधानसभा के माननीय उपाध्यक्ष डॉ. नुमाल मोमिन का अपमान करने की घटना न केवल अत्यंत निंदनीय है, बल्कि विधायक द्वारा इस सदन और संविधान का भी घोर अपमान है। उन्हें उम्मीद है कि असम सरकार इसके खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी। (इनपुट- एएनआई/पीटीआई)


