Monday, September 7, 2026

कांग्रेस पार्टी ने गौरव गोगोई को बनाया एपीसीसी का अध्यक्ष, 2026 में है राज्य विधानसभा चुनाव 

  • लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता हैं गोगोई

अखिल भारतीय कांग्रेस समिति ने पार्टी सांसद गौरव गोगोई पर भरोसा जताते हुए उन्हें असम प्रदेश इकाई का प्रमुख बनाया। गौरव गोगोई अब एपीसीसी के नवनियुक्त अध्यक्ष होंगे। उनके अलावा तीन कार्यकारी अध्यक्ष जाकिर हुसैन सिकदर, रोजलिना तिर्की, प्रदीप सरकार भी नियुक्त किए गए हैं।

 

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गोगोई को असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त करने के साथ ही तीन नेताओं को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। असम में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए पार्टी ने राज्य इकाई में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है।

गौरव गोगोई भूपेन कुमार बोरा को जगह लेंगे। ज्ञातव्य हो कि 2026 में असम में विधानसभा चुनाव हैं। राज्य में वर्तमान में भाजपा की सरकार है। डॉ. हिमंत विश्व शर्मा मुख्यमंत्री हैं।  गौरव गोगोई असम की जोरहाट सीट से सांसद हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में गौरव गोगोई ने भाजपा के तपन कुमार गोगोई को 1 लाख 44 हजार वोट से हराया था। गौरव को 7 लाख 51 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। गौरव लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता भी हैं।

गौरव गोगोई असम के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. तरुण गोगोई पुत्र है। आहोम चेहरा है। गोगोई के पिता तरुण गोगोई मई, 2001 से मई, 2016 तक लगातार तीन बार असम के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद भूपेन बोरा का जाना तय था। पार्टी ने अपने भरोसेमंद सांसद गौरव गोगोई को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर पार्टी संगठन को मज़बूती प्रदान करने के साथ – साथ अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है। भूपेन बोरा को कैंपेन समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया, इसके अलावा देबब्रता सैकिया समन्वय समिति, सांसद प्रद्युत बोरदोलोई घोषणा पत्र समिति और रकीबुल हुसैन को प्रचार समिति के चेयरमैन नियुक्त किए गए हैं।

कांग्रेस ने गोगोई को यह जिम्मेदारी ऐसे समय पर सौंपी है जब वो असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और भाजपा के हमलों का सामना कर रहे हैं। भाजपा उनकी पत्नी के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से कथित संबंध और कांग्रेस सांसद के पाकिस्तान दौरे को लेकर लगातार निशाना साध रही है। हालांकि गोगोई ने इन आरोपों को सरासर झूठा बताते हुए इसे खारिज किया है। पिछले दिनों ही उन्होंने मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाया था।

गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए पार्टी अध्यक्ष खरगे और सांसद राहुल गांधी का आभार जताया. अपनी पोस्ट में गोगो ई ने लिखा ‘मैं इस जिम्मेदारी के लिए, मुझ पर भरोसा जताने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी के संगठन महासचिव वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह का आभार व्यक्त करता हूं। भूपेन बोरा ने पार्टी का आगे बढ़कर नेतृत्व किया और शानदार योगदान दिया।

उन्होंने कहा [मैं अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और अपने परिवार, विशेषकर अपनी पत्नी और बच्चों के सहयोग के बिना यहां नहीं होता। असम में कांग्रेस पार्टी में इतने सारे समर्पित और प्रेरक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ काम करना एक आशीर्वाद है। उनकी बुद्धिमत्ता, अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। मैं अपने वरिष्ठों और सहकर्मियों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। गोगोई ने कहा कि आने वाले दिनों में वह असम के लोगों का आशीर्वाद मांगेंगे और उन्हें विश्वास है कि सब लोग मिलकर अपने राज्य के लिए बेहतर भविष्य बना सकते हैं।

Popular Articles